कर्नाटक की राजधानी में सेंट्रल क्राइम ब्रांच (CCB) की नारकोटिक्स विंग ने एक पॉश अपार्टमेंट में चल रहे इंटरनेशनल ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है. बालागेरे स्थित प्रेस्टीज फिन्सबरी पार्क के एक फ्लैट पर छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में LSD, हाइड्रो गांजा और चरस बरामद की है.
पुलिस के अनुसार, यह कर्नाटक के इतिहास में LSD स्ट्रिप्स की अब तक की सबसे बड़ी रिकवरी है. आरोपियों से 8 हजार 335 स्ट्रिप्स मिली हैं, जिनका बाजार मूल्य 6000 रुपये प्रति स्ट्रिप है. वहीं, 5 किलो हाइड्रो गांजा समेत 534 ग्राम चरस बरामद हुई है. यह ड्रग्स तकरीबन 10 करोड़ रुपये कीमत का है.
देवी-देवताओं की तस्वीरों का 'कवर'
जांच में खुलासा हुआ कि पकड़े जाने से बचने के लिए आरोपियों ने LSD स्ट्रिप्स को हिंदू देवी-देवताओं की तस्वीरों और अन्य कलात्मक डिजाइनों के रूप में तैयार किया था. इन स्ट्रिप्स को तस्वीरों के रूप में बेचा जा रहा था ताकि आम लोगों और सुरक्षा एजेंसियों को शक न हो.
पुलिस ने केरल के रहने वाले दो आरोपियों अश्विन (27) और मोबिना (25) को गिरफ्तार किया है:
कैसे होता था ड्रग्स का व्यापार?
ये आरोपी विंसेंट नामक व्यक्ति के माध्यम से थाईलैंड से ड्रग्स की खेप मंगवाते थे. पकड़े जाने के जोखिम को कम करने के लिए ड्रग्स को कम मात्रा में फ्लाइट के जरिए ले जाया जा रहा था. आरोपी सप्लायर द्वारा बताए गए ठिकानों पर ड्रग्स की डिलीवरी करते थे.
जांच के दायरे में फ्लैट मालिक
CCB अब उस फ्लैट मालिक की भूमिका की भी जांच कर रही है जहां यह अवैध धंधा फल-फूल रहा था. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या फ्लैट मालिक को इस गतिविधि की जानकारी थी या किराए के दस्तावेजों में हेराफेरी की गई थी.
सगाय राज