पुणे में बस चुराकर भाग रहा था 20 साल का युवक, रॉन्ग साइड में दौड़ाई, मच गई अफरा-तफरी

पुणे की सड़कों पर शनिवार की शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक बस लेकर फरार हो गया. युवक ने बस को रॉन्ग साइड में दौड़ा दिया. डेक्कन बस स्टैंड से शुरू हुआ यह हाई-वोल्टेज ड्रामा गुडलक चौक तक चला. लोगों ने जैसे-तैसे आरोपी को रोका और बस से उतारकर पुलिस के हवाले कर दिया.

Advertisement
पुणे शहर में डेक्कन बस स्टैंड के पास हुई घटना. (Photo: Representational) पुणे शहर में डेक्कन बस स्टैंड के पास हुई घटना. (Photo: Representational)

aajtak.in

  • पुणे,
  • 26 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 10:16 AM IST

पुणे की व्यस्त सड़कों पर शनिवार शाम अचानक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने राह चलते लोगों की धड़कनें बढ़ा दीं. सड़क पर तेज रफ्तार से दौड़ती एक सरकारी बस, वह भी रॉन्ग साइड में... लोग पहले तो समझ ही नहीं पाए कि आखिर हो क्या रहा है. लेकिन जब बस बेकाबू अंदाज में आगे बढ़ती दिखी, तो हर तरफ अफरा-तफरी मच गई. पुलिस का कहना है कि बस को एक युवक चोरी कर भाग रहा था. उसे पकड़ लिया गया.

Advertisement

एजेंसी के अनुसार, घटना शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे डेक्कन बस स्टैंड के पास हुई. पुणे महानगर परिवहन महामंडल लिमिटेड (PMPML) की एक बस अचानक गायब हो गई. कुछ ही मिनटों बाद वही बस शहर की सड़कों पर गलत दिशा में दौड़ती नजर आई. जिसने भी यह नजारा देखा, वह हैरान रह गया.

आरोपी की पहचान 20 वर्षीय गोपाल बलरामसिंह राणा के रूप में हुई है. शुरुआती जांच में पता चला है कि वह एक प्राइवेट कंपनी में बस ड्राइवर है. डेंगले ब्रिज इलाके से गोपाल PMPML की बस लेकर भाग रहा था.

यह भी पढ़ें: केरल: लॉकडाउन में पत्नी-बच्चे के दूर होने से परेशान था शख्स, बस चुराकर मिलने चल पड़ा

इस दौरान पुणे की सड़कों पर हाई-वोल्टेज ड्रामा चला. बस रॉन्ग साइड में दौड़ती हुई गुडलक चौक की ओर बढ़ने लगी. सड़क पर मौजूद वाहन चालकों और पैदल यात्रियों में हड़कंप मच गया. कई लोग अपनी गाड़ियां किनारे लगाने लगे, तो कुछ ने बस को रोकने की कोशिश की.

Advertisement

गनीमत यह रही कि बस में कोई यात्री सवार नहीं था. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस की रफ्तार और चालक का अंदाज देखकर लोग दहशत में आ गए थे. कुछ बहादुर लोगों ने पीछा किया और आखिरकार गुडलक चौक के पास बस को रुकवा लिया.

जैसे ही बस रुकी, स्थानीय लोगों ने तुरंत आरोपी को ड्राइवर सीट से नीचे उतार लिया. सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और गोपाल राणा को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने राहत की सांस ली कि इस पूरे घटनाक्रम में कोई घायल नहीं हुआ.

सवाल है कि आखिर गोपाल ने ऐसा क्यों किया? पुलिस जांच कर रही है कि घटना के वक्त वह नशे में था या नहीं. मेडिकल जांच कराई जा रही है. शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच की जा रही है. बस को कैसे और किन परिस्थितियों में उसने अपने कब्जे में लिया, इसकी भी पड़ताल की जा रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »