मॉनसून पूरी तरह एक्टिव हो चुका और मुंबई में बारिश का सिलसिला जारी है. मुंबई के कुछ हिस्सों में आज, 5 जुलाई की सुबह भी हल्की बारिश हुई, जबकि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, महानगर में कुछ स्थानों पर आज भारी से बहुत भारी बारिश की भविष्यवाणी की गई है.
आईएमडी ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट
बता दें कि मंगलवार रात से मुंबई के अधिकांश हिस्सों में बारिश की तीव्रता कम हो गई और बुधवार सुबह शहर और उपनगरों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई. हालांकि, मंगलवार शाम को अपडेट किए गए अपने "जिला पूर्वानुमान और चेतावनियों" में आईएमडी मुंबई ने एक 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया है. जिसमें बुधवार को यहां कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के आसार जताए गए हैं.
सिविक अधिकारी ने कहा कि आईएमडी मुंबई ने अपने नियमित बुलेटिन में अगले 24 घंटों में शहर और उपनगरों में मध्यम से भारी बारिश और अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी बारिश की संभावना की भविष्यवाणी की है. वहीं, अधिकारी ने बताया कि बुधवार को सड़क यातायात सामान्य रहा क्योंकि शहर में कहीं भी जलभराव नहीं हुआ.
बस-रेल सेवा सामान्य
अधिकारियों ने कहा कि मध्य रेलवे और पश्चिम रेलवे दोनों कॉरिडोर पर लोकल ट्रेनें सामान्य रूप से चल रही हैं. लेकिन कुछ यात्रियों ने दावा किया कि उपनगरीय सेवाएं 10 से 15 मिनट की देरी से चल रही हैं और बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (बेस्ट) उपक्रम के एक अधिकारी ने कहा कि उनकी बस सेवाएं सामान्य हैं और कोई मार्ग परिवर्तन नहीं किया गया है.
इस हफ्ते कैसा रहेगा मौसम
पूरे हफ्ते की बात करें तो आईएमडी ने 7 जुलाई तक के लिए मुंबई के कई इलाकों (वर्ली, पोवई, कुलाबा) में भारी बारिश के आसार जताए हैं. 8 जुलाई को मध्यम बारिश और इसके बाद हल्की बारिश की संभावना है. वहीं, मुंबई के बोरीवली, चेम्बूर, मुलुंड और सांताक्रूज में 6 जुलाई तक के लिए भारी बारिश के आसार हैं. इसके दो दिन बाद तक यानी 8 जुलाई तक मध्यम बारिश और फिर 10 जुलाई तक के लिए हल्की बारिश का पूर्वानुमान है.
बता दें कि आईएमडी मौसम की चेतावनी के लिए चार रंग कोड का उपयोग करता है - 'हरा' (कोई कार्रवाई आवश्यक नहीं), 'पीला' (देखें और अपडेट रहें), 'नारंगी' (तैयार रहें) और 'लाल' (कार्रवाई करें).
aajtak.in