अमरावती के परतवाड़ा में सामने आए कथित सेक्स स्कैंडल ने अब और खतरनाक मोड़ ले लिया है. युवतियों के लैंगिक शोषण और अश्लील वीडियो वायरल करने के आरोपों में घिरे मुख्य आरोपी अयान अहमद की लाइफस्टाइल को लेकर चौंकाने वाले नए वीडियो सामने आए हैं. जिसने पुलिस जांच को नई दिशा दे दी है. वायरल वीडियो और रील्स में अयान की हाई-प्रोफाइल जिंदगी दिखाई दे रही है. जिसमें वह महंगी गाड़ियों की सवारी, हाथ में पिस्टल और एक साथ कई महंगे आईफोन (iPhone) के साथ ही पैसों की गड्डियां लहराते हुए दिखाई दे रहा है. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर इतनी दौलत अयान के पास आई कहां से?
रील्स में ‘खौफ’ का मैसेज!
आरोपी अयान अपने सोशल मीडिया रील्स में खुद को बेहद खतरनाक अंदाज में पेश करता था. एक रील में वह कहता हुआ दिख रहा है कि "ये जरूर कुछ बड़ा करेगा… क्योंकि इसे जिंदगी से ज्यादा अपनी जीत प्यारी है..." इस बयान ने पुलिस को और सतर्क कर दिया है. जांच एजेंसियां अब यह भी खंगाल रही हैं कि क्या अयान किसी बड़े गिरोह या आपराधिक नेटवर्क से जुड़ा हुआ था.
थार गाड़ी और पिस्टल पर सवाल
अयान जिस नई महिंद्रा थार गाड़ी में घूमता था, उसका नंबर MH-27-DL-3100 बताया जा रहा है. अब पुलिस यह जांच कर रही है कि यह गाड़ी वास्तव में किसके नाम पर रजिस्टर्ड है. इसके अलावा, वीडियो में दिख रही पिस्टल को लेकर भी बड़ा सवाल खड़ा हो गया है. क्या अयान के पास उसका वैध लाइसेंस था या वह अवैध हथियार का इस्तेमाल कर रहा था?
हर दिन नया खुलासा
परतवाड़ा कांड में रोज नए-नए खुलासे सामने आ रहे हैं. पुलिस अब अयान के आर्थिक स्रोत, उसके संपर्क और संभावित नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है. सूत्रों के मुताबिक इस मामले में और भी लोगों की संलिप्तता सामने आ सकती है. फिलहाल सबसे बड़ा सवाल है कि अयान की ऐशो-आराम की जिंदगी के पीछे कौन है?
क्या यह सिर्फ एक व्यक्ति का मामला है या किसी बड़े रैकेट का हिस्सा?
इस सनसनीखेज मामले में आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना है. आपको बता दें कि आरोपी ने करीब 180 युवतियों का शोषण किया और 350 से ज्यादा अश्लील वीडियो बनाए. हालांकि पुलिस ने अभी तक इन दावों की पुष्टि नहीं की है. आधिकारिक तौर पर पुलिस ने केवल 7 पीड़िताओं की पहचान होने की बात कही है. इस अंतर को लेकर भी कई सवाल उठ रहे हैं और जांच एजेंसियां तथ्यों की पुष्टि में जुटी हैं.
धनंजय साबले