हर्षिदा नहाने गई, डेढ़ करोड़ के गहने लेकर भाग गया शादीशुदा प्रेमी… प्यार का ऐसा THE END नहीं सुना होगा

अहमदाबाद में 1.66 करोड़ रुपये के गहने चोरी करने वाली हर्षिदा शेट्टी को उसके ही शादीशुदा प्रेमी ने धोखा दे दिया. पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि प्रेमी के साथ नई जिंदगी बसाने के लिए हर्षिदा ने ज्वैलरी शोरूम से करोड़ों के गहने चुराए थे. बाद में जब वह नहाने गई तो प्रेमी ज्यादातर गहने लेकर फरार हो गया. क्राइम ब्रांच ने हर्षिदा को गिरफ्तार कर 18 लाख के गहने बरामद किए.

Advertisement
अहमदाबाद की हर्षिदा शेट्टी को चोरी के गहने बेचते समय गिरफ्तार कर लिया गया (Photo: ITG) अहमदाबाद की हर्षिदा शेट्टी को चोरी के गहने बेचते समय गिरफ्तार कर लिया गया (Photo: ITG)

ब्रिजेश दोशी

  • अहमदाबाद ,
  • 20 मई 2026,
  • अपडेटेड 11:23 AM IST

अहमदाबाद की एक ज्वैलरी शॉप में काम करने वाली हर्षिदा शेट्टी ने शायद कभी नहीं सोचा होगा कि जिस शादीशुदा शख्स के साथ नई जिंदगी बसाने का सपना वह देख रही है, वही उसे सबसे बड़ा धोखा दे देगा. करोड़ों रुपये के गहने चुराकर प्रेमी के साथ भागी हर्षिदा आज जेल में है, जबकि उसका शादीशुदा बॉयफ्रेंड फरार बताया जा रहा है. पूरी कहानी किसी क्राइम वेब सीरीज जैसी लगती है. इसमें प्यार है, भरोसा है, करोड़ों की चोरी है और आखिर में ऐसा धोखा, जिसने पूरे मामले को और ज्यादा सनसनीखेज बना दिया.

Advertisement

अहमदाबाद के निकोल इलाके की एक ज्वैलरी दुकान में काम करने वाली हर्षिदा शेट्टी ने 11 मई को करीब 1.66 करोड़ रुपये के गहने चोरी कर लिए थे. उस वक्त दुकान के मालिक दर्शन भाई रोज की तरह खाना खाने घर गए हुए थे. पुलिस के मुताबिक मालिक के जाते ही हर्षिदा ने धीरे-धीरे सोने के गहने अपने पास छिपाने शुरू कर दिए. सीसीटीवी फुटेज में वह यूनिफॉर्म के अंदर गहने रखते दिखाई दी. चोरी के बाद उसने बाकी कर्मचारियों से कहा कि उसे जरूरी काम से घर जाना है और वह शोरूम से निकल गई. कुछ देर बाद जब मालिक लौटे तो उन्हें गहने गायब मिले. पहले स्टाफ से पूछताछ हुई, फिर सीसीटीवी चेक किया गया और सारी कहानी सामने आ गई. 

शादीशुदा युवक से हुआ प्यार

पुलिस जांच में सामने आया कि हर्षिदा पहले से तलाकशुदा थी. वह पिछले करीब 11 महीनों से शोरूम में काम कर रही थी और मालिक का भरोसा जीत चुकी थी. इसी दौरान उसकी मुलाकात एक युवक से हुई. दोनों पिछले छह महीनों से एक-दूसरे को जानते थे और धीरे-धीरे करीब आ गए. युवक शादीशुदा था और उसके बच्चे भी थे, लेकिन इसके बावजूद दोनों के बीच रिश्ता गहरा हो गया. बताया जा रहा है कि पिछले चार महीनों से दोनों रिलेशनशिप में थे. युवक लगातार हर्षिदा को साथ रहने और नई जिंदगी शुरू करने के सपने दिखा रहा था. पुलिस सूत्रों के मुताबिक हर्षिदा लंबे समय से अकेलेपन से जूझ रही थी और इसी वजह से वह भावनात्मक रूप से युवक के काफी करीब आ गई.

Advertisement

करोड़ों के गहने लेकर दोनों हो गए फरार

चोरी के बाद हर्षिदा अपने प्रेमी के साथ अहमदाबाद छोड़कर निकल गई. दोनों उत्तर भारत के अलग-अलग राज्यों में घूमते रहे. होटल बदलते रहे और चोरी के गहनों के साथ नई जिंदगी की प्लानिंग करते रहे. पुलिस के मुताबिक दोनों लगातार अपनी लोकेशन बदल रहे थे ताकि किसी को शक न हो. इधर अहमदाबाद पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें हर्षिदा की तलाश में जुटी थीं. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि चोरी की पूरी वारदात के पीछे प्रेमी की बड़ी भूमिका हो सकती है. शक था कि उसने ही हर्षिदा को गहने चुराने के लिए उकसाया था.

नहाने गई हर्षिदा, प्रेमी गहने लेकर फरार

गिरफ्तारी के बाद हर्षिदा ने पूछताछ में अपनी आपबीती सुनाई. उसने बताया कि एक दिन वह होटल के बाथरूम में नहाने गई थी. जब वह वापस लौटी तो उसका प्रेमी कमरे से गायब था. सिर्फ प्रेमी ही नहीं, करोड़ों रुपये के ज्यादातर गहने भी गायब थे. हर्षिदा के मुताबिक उसके पास सिर्फ करीब 18 लाख रुपये के गहने बचे थे, क्योंकि वे उसके पर्स में रखे हुए थे. बाकी पूरा माल प्रेमी लेकर फरार हो चुका था. उसने तुरंत प्रेमी को फोन किया, लेकिन उसका मोबाइल बंद मिला. कई बार संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. जिस शख्स के लिए उसने करोड़ों की चोरी की थी, वही उसे बीच रास्ते में छोड़ चुका था.

Advertisement

गहने बेचने पहुंची और पकड़ी गई

प्रेमी के फरार होने के बाद हर्षिदा डर गई थी. पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी. इसी बीच अहमदाबाद क्राइम ब्रांच को सूचना मिली कि चोरी के गहने बेचने की कोशिश की जा रही है. सूचना के आधार पर टीम माणेकचौक पहुंची, जहां हर्षिदा को हिरासत में ले लिया गया. पुलिस के मुताबिक वह 18 लाख रुपये के गहने बेचने की कोशिश कर रही थी. पूछताछ में उसने चोरी से लेकर प्रेमी के फरार होने तक पूरी कहानी बता दी. क्राइम ब्रांच ने उसके पास से बरामद गहने जब्त कर लिए और बाद में उसे निकोल पुलिस के हवाले कर दिया गया.

भरोसे का फायदा उठाकर की चोरी

जांच में यह भी सामने आया कि शोरूम मालिक हर्षिदा पर काफी भरोसा करते थे. कई बार वह उसे गहनों के काम से बाहर भी भेज देते थे. किसी को अंदाजा नहीं था कि वही कर्मचारी करोड़ों के गहने लेकर गायब हो जाएगी. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की साजिश कब से चल रही थी और प्रेमी की भूमिका कितनी बड़ी थी.

अब प्रेमी की तलाश

फिलहाल पुलिस का फोकस उस शादीशुदा युवक पर है, जो करोड़ों के गहने लेकर फरार बताया जा रहा है.  जांच एजेंसियां उसकी लोकेशन और संपर्कों की जानकारी जुटा रही हैं. पुलिस को शक है कि उसने पहले से ही पूरी प्लानिंग कर रखी थी. इस मामले ने एक बार फिर दिखाया कि सोशल और इमोशनल रिश्तों में लिया गया एक गलत फैसला जिंदगी पूरी तरह बदल सकता है. जिस प्यार पर हर्षिदा ने भरोसा किया, वही भरोसा आखिर में उसके लिए सबसे बड़ा जाल बन गया.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement