BJP विधायक योगेश पटेल का निधन, वडोदरा में ली अंतिम सांस

गुजरात बीजेपी नेता और मांजलपुर विधायक योगेश पटेल का 80 साल की उम्र में निधन हो गया. मंगलवार दोपहर उन्होंने अंतिम सांस ली. आठ बार विधायक रहे पटेल वडोदरा की राजनीति का बड़ा चेहरा थे.

Advertisement
बीजेपी विधायक योगेश पटेल का निधन (Photo: ITG) बीजेपी विधायक योगेश पटेल का निधन (Photo: ITG)

ब्रिजेश दोशी

  • वडोदरा ,
  • 02 जून 2026,
  • अपडेटेड 6:21 PM IST

वडोदरा की मांजलपुर सीट से बीजेपी विधायक और पूर्व राज्य मंत्री योगेश पटेल का मंगलवार को 80 साल की उम्र में निधन हो गया. दिल की बीमारी के चलते वे पिछले चार दिनों से वडोदरा के एक अस्पताल में भर्ती थे, जहां दोपहर में उन्होंने अंतिम सांस ली. योगेश पटेल गुजरात की राजनीति का एक बेहद मजबूत और बेबाक चेहरा थे.

उनका राजनीतिक सफर तीन दशक से भी ज्यादा लंबा रहा, जिसमें वे कुल आठ बार विधायक चुने गए. उन्होंने साल 1990 में पहली बार जनता दल के टिकट पर रावपुरा सीट से विधानसभा चुनाव जीता था. इसके बाद 1995 में वे भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए और फिर जीवन के आखिरी समय तक बीजेपी के साथ जुड़े रहे.

Advertisement

रावपुरा से मांजलपुर तक मजबूत पकड़

योगेश पटेल ने 1995 से 2012 तक रावपुरा सीट से लगातार विधायक के रूप में क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया. इसके बाद परिसीमन के बाद बनी मांजलपुर सीट से चुनाव लड़ने लगे. साल 2012 से वे लगातार इसी सीट से जीत दर्ज करते रहे. साल 2022 के विधानसभा चुनाव में 76 साल की उम्र होने के बावजूद बीजेपी ने उन पर भरोसा जताया और उन्होंने एक बार फिर जीत हासिल की.

योगेश पटेल साल 2019 से 2021 तक विजय रूपाणी सरकार में राज्य मंत्री भी रहे. हालांकि, मंत्री पद पर रहने के बाद भी वे जमीनी राजनीति से जुड़े रहे. उन्हें ऐसे नेता के तौर पर देखा जाता था, जो जनता के मुद्दों को खुलकर उठाते थे. कई बार वे आम लोगों के सवालों को लेकर अपनी ही सरकार के खिलाफ बोलने से भी पीछे नहीं हटे.

Advertisement

दरअसल, छात्र जीवन से ही योगेश पटेल आंदोलनों में सक्रिय रहे थे. साल 1978 में दूध की बढ़ी कीमतों के खिलाफ आंदोलन के बाद वे चर्चा में आए थे. यही वजह रही कि वडोदरा में उनकी पहचान सिर्फ एक नेता के तौर पर नहीं, बल्कि जनता के बीच रहने वाले जनप्रतिनिधि के रूप में भी थी. योगेश पटेल के निधन के बाद वडोदरा की राजनीति में शोक की लहर है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »