Weather Update: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में बूंदाबांदी और हल्की बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है. IMD के अनुसार, दिल्ली-NCR सहित आस-पास के इलाकों में 30-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम तीव्रता की बारिश होने का अनुमान है.
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, गन्नौर, सोनीपत, खरखौदा, सोहना, पलवल (हरियाणा), बड़ौत और आस-पास के इलाकों में अगले दो घंटे में हल्की से मध्यम बारिश होगी. साथ ही 30-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज़ हवाएं चलेंगी. इसके अलावा बागपत, मेरठ, मोदीनगर, पिलखुआ, हापुड, गुलावटी, सिकंदराबाद, बुलंदशहर, खुर्जा में भी हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है.
बारिश के बाद तापमान में गिरावट
प्रचंड गर्मी की मार झेल रहे दिल्ली के लोगों को हल्की बारिश से ही काफी राहत मिली है. वहीं, तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई. मॉनसून की बात करें तो आजस 21 जून को महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, औडिशा के कुछ और भागों में मॉनसून आगे बढ़ा है. वहीं, दिल्ली-यूपी में अगले 3-4 दिन में दस्तक दे सकता है. प्री मॉनसून बारिश से लोगों को काफी राहत मिली है.
तापमान की बात करें तो वीकेंड पर दिल्ली का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.वहीं, 22 से 24 जून तक आसमान में आंशिक तौर पर बादल देखने को मिल सकते हैं. जबकि इसके बाद 27 जून को हल्की बारिश देखने को मिलेगी.
सहारनपुर का मौसम पूर्वानुमान
अगले 24 घंटे के दौरान सहारनपुर और आसपास के क्षेत्र में धूल भरी आंधी और गरज के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. आसमान में बादल छाए रहेंगे. अगले 3-4 दिनों में देश के पूर्वी राज्यों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियाँ बन रही हैं. 24-25 जून तक पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, पूर्वी उत्तर प्रदेश में आगे बढ़ने की संभावना है. अगले 24 घंटों के दौरान मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ, तेलंगाना, दक्षिण ओडिशा, गोवा, तटीय कर्नाटक, केरल और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश संभव है.
aajtak.in