छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले से दहला देने वाला हादसा सामने आया है. यहां तेज रफ्तार में जा रही बोलेरो पेड़ से टकरा गई. इसी बीच कार में आग लग गई. देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई. गनीमत रही कि वाहन में सवार लोग समय रहते कूद गए, जिससे उनकी जान बच गई.
मंगलवार को कोटमी चौकी क्षेत्र के अंतर्गत मटियाडांड़ इलाके में यह हादसा हुआ. बोलेरो कार मुख्य मार्ग पर मरवाही की ओर से आ रही थी. इसी दौरान अचानक कार बेकाबू हो गई और सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
हादसे के कुछ ही पल में कार के इंजन से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कार में सवार लोग बिना समय गंवाए बाहर कूदे और जान बचाई.
यह भी पढ़ें: कर्नाटक में भीषण सड़क हादसा: बस से टक्कर के बाद कार में लगी आग, 6 लोगों की जिंदा जलकर मौत
इस दौरान आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते गाड़ी धू-धू कर जलने लगी. कुछ ही मिनटों में वाहन पूरी तरह आग के हवाले हो गया. यह मंजर इतना भयावह था कि आसपास मौजूद लोग भी सहम गए.
घटना के बाद मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई. लोगों ने आग बुझाने की कोशिश भी की, लेकिन तब तक आग काफी फैल चुकी थी. हालांकि, राहत की बात यह रही कि सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का जायजा लिया. शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है.
राकेश मिश्रा पेंड्रा