पश्चिम बंगाल में 29 अप्रैल को दूसरे चरण के लिए भी वोटिंग हो गई. 2 चरणों में हुए इस चुनाव ने मतदान के कई नए रिकार्ड बनाएं. चुनाव के दौरान हिंसा की छिटपुट घटनाएं भी देखने को मिलीं.
अब इस चुनाव का बताकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है. वीडियो में सुरक्षाबल के लोग कुछ लोगों को लाठी-डंडे के दम पर भगाते हुए नजर आ रहे हैं. लोग इस वीडियो के साथ “बंगाल” और “लोकतंत्र” जैसे हैशटैग्स का भी इस्तेमाल कर रहे हैं.
वीडियो को फेसबुक पर शेयर करते हुए एक व्यक्ति ने लिखा, “अगर चुनाव का मतलब ही ये रह जाए कि जनता को प्रशासन के डंडों से दबाया जाए, आवाज़ उठाने वालों को प्रताड़ित किया जाए —तो ऐसे चुनाव लोकतंत्र नहीं, सिर्फ एक दिखावा बनकर रह जाते हैं. चुनाव जनता की ताकत का पर्व है, डर और दमन का नहीं. अगर लोगों की सुरक्षा और सम्मान की गारंटी नहीं दी जा सकती,तो ऐसे चुनाव कराने का क्या औचित्य है, साहब? #बंगाल #लोकतंत्र #जनताकीआवाज़”
इस पोस्ट का आर्काइव्ड वर्जन यहां देखा जा सकता है.
आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये वीडियो भारत का नहीं, बल्कि बांग्लादेश का है.
कैसे पता की सच्चाई?
वीडियो को गौर से देखने पर पता चलता है कि ये भारत का नहीं हो सकता. मिसाल के तौर पर इसमें एक गाड़ी नजर आती है जिसके नंबर प्लेट पर बांग्ला में टेक्स्ट लिखा हुआ है. भारत में गाड़ियों पर नंबर प्लेट ऐसे नहीं होते हैं.
इसके अलावा वीडियो में एक बैनर भी नजर आता है, जिस पर तारिक रहमान की तस्वीर देखी जा सकती है. तारिक रहमान बांग्लादेश के मौजूदा प्रधानमंत्री हैं. उनकी पार्टी का नाम है - बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP). बैनर पर BNP का चुनाव चिन्ह भी देखा जा सकता है.
वायरल वीडियो पर “Law TV” का लोगो नजर आता है. “Law TV” बांग्लादेश के ढाका स्थित एक लोकल न्यूज आउटलेट है. हमें इस आउटलेट के फेसबुक पेज पर वायरल वीडियो भी मिल गया.
तारिक रहमान उस वक्त ‘Bogura-6’ और ‘Dhaka-17’ सीट से उम्मीदवार थे. उन्होंने दोनों सीटों पर जीत भी हासिल की थी. रिपोर्ट्स के मुताबिक बांग्लादेश में चुनाव के दौरान कई जगहों पर हिंसा की घटनाएं भी सामने आईं थीं.
साफ है कि वायरल हो रहे वीडियो का पश्चिम बंगाल चुनाव से कोई लेना-देना ही नहीं है. ये बांग्लादेश का वीडियो है.
aajtak.in