टेलीविजन के पॉपुलर कॉमेडी शो 'भाबीजी घर पर हैं' ने जुलाई में अपने एक हजार एपिसोड्स पूरे कर लिए. एक हजार एपिसोड्स पूरे होने और सक्सेस पर शो के प्रोड्यूसर्स संजय कोहली और बिनायफर एस कोहली ने पूरी टीम को बतौर इनाम मिनी ट्रॉफीज से नवाजा.
इन छोटे-छोटे मिनी ट्रॉफीज में भाबीजी घर पर हैं के पॉपुलर किरदारों नारायण, अनीता, अंगूरी और तिवारी की आकृति बनी हुई है. शो के एक्टर रोहिताश गौड़ ने ट्रॉफीज के साथ टीम की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की है. साथ ही ट्रॉफी दिए जाने की वजह बताते हुए लिखा, "भाबीजी घर पर हैं के एक हजार एपिसोड्स की खुशी में ट्रॉफी दी गई". रोहिताश ने शो में मनमोहन तिवारी का किरदार निभाया है.
इस फोटो में रोहिताश के अलावा आसिफ अली यानी विभूति नारायण, सौम्या टंडन यानी अनीता और शुभांगी अत्रे यानी अंगूरी भाभी ट्रॉफी पकड़े हुए हैं. बता दें भाबीजी घर पर हैं 2 मार्च 2015 को शुरू हुई थी. शो ने बहुत कम समय में अच्छी-खासी पॉपुलैरिटी हासिल कर ली. अंगूरी भाभी हो या तिवारी या फिर अनीता शो का हर किरदार घर-घर में मशहूर है.
शो में अनीता भाभी का किरदार निभा रहीं एक्ट्रेस सौम्या टंडन इसी साल मां बनीं हैं. उनके प्री-प्रेग्नेंसी और पोस्ट प्रेग्नेंसी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रही थीं. वहीं शो की मुख्य किरदार अंगूरी भाभी यानी शुभांगी अत्रे भी सुर्खियों में बनीं रहती हैं. शिल्पा शिंदे के शो छोड़ने के बाद अंगूरी भाभी के किरदार में शुभांगी ने अपने शानदार अभिनय से दर्शकों का दिल जीत लिया.
आज भी भाबीजी घर पर हैं लोगों के पसंदीदा टेलीविजन शो में शुमार है. शो के हर किरदार को दर्शक पसंद करते हैं.
aajtak.in