तमिल सिनेमा के सुपरस्टार थलपति विजय अपने राज्य के मुख्यमंत्री बन चुके हैं. वो अपने लोगों के हित में लगातार काम कर रहे हैं. लेकिन इस बीच उन्हें और एक्ट्रेस तृषा कृष्णन को लेकर बातें चलती जा रही हैं. कहा जाता है कि दोनों रिश्ते में हैं. विजय जो अभी भी शादीशुदा हैं, उन्हें तृषा को डेट करने पर ट्रोल भी किया जाता है.
फिर उठा विजय-तृषा का नाम
अब सीएम विजय और तृषा के रिश्ते का क्या सच है, ये तो वो ही जानते हैं. मगर उनसे जुड़े एक भद्दे सवाल के कारण एक्ट्रेस मालविका मोहनन बड़ी परेशान हो गई हैं. दो दिन पहले मालविका एक इवेंट में गई थीं, जहां मीडिया से मुलाकात के दौरान उनसे विजय-तृषा का नाम लेकर सवाल किया गया, जिसे सुनकर वो हैरान हुईं और थोड़ी नाराज भी. हालांकि एक्ट्रेस ने इस सवाल पर बड़ी अच्छी तरह से रिएक्ट किया था.
दरअसल तमिल भाषा में मालविका से थलपति विजय और तृषा कृष्णन के हाल ही में साथ दिखे जाने से जुड़ा सवाल किया था, जिसके जवाब में एक्ट्रेस ने भी कहा कि वो किस तरह के सवाल उनसे पूछ रहे हैं? मालविका के वीडियो को सोशल मीडिया पर काफी अटेंशन मिली. लोगों ने एक्ट्रेस का सपोर्ट किया और अब मालविका ने भी इस पूरे विवाद पर अपनी बात सामने रखी.
भद्दे सवाल से नाराज मालविका
मालविका ने X पर ट्वीट करके थलपति विजय से जुड़े सवाल पर अपनी नाराजगी जताई. एक्ट्रेस ने लिखा- कल मैं एक इवेंट में गई थी. तमिलनाडु के सभी जर्नलिस्ट मीडिया वालों का मुझे बहुत सम्मान है, लेकिन उनमें से दो-तीन लोगों ने बार-बार ऐसे सवाल पूछे जो बिल्कुल अनावश्यक, बुरे और सनसनीखेज थे. थलापति विजय को मैं पिछले सात साल से जानती हूं. उनकी मैं बहुत इज्जत करती हूं और उन्हें अपना दोस्त कह पाने पर मुझे गर्व है. उनकी जर्नी देखना मेरे लिए बहुत ही शानदार रहा है. मैं बस यही चाहूंगी कि आगे से मीडिया इंटरव्यू में थोड़ी इज्जत और संवेदनशीलता रखें, ताकि सबके लिए अच्छा रहे.
मालविका मोहनन, थलपति विजय के साथ साल 2021 की सुपरहिट फिल्म मास्टर में नजर आई थीं, जिसे लोकेश कनगराज ने डायरेक्ट किया था. एक्ट्रेस साउथ की बड़ी हसीनाओं में से एक मानी जाती हैं. उनकी पिछली फिल्म प्रभास के साथ द राजा साब थी, जो बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास नहीं कर पाई थी.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क