फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' की रिलीज के बाद दर्शकों समेत बॉलीवुड के एक्टर्स ने इसकी तारीफ की है. पिक्चर में रणवीर सिंह, अर्जुन रामपाल, सारा अर्जुन, आर माधवन और संजय दत्त समेत पंजाबी एक्टर्स परी पांधर, हितिका बाली और उदयबीर संधु ने काम किया है. सभी अपने काम के लिए सराहना बटोर रहे हैं. ऋतिक रोशन से लेकर आलिया भट्ट, शिल्पा शेट्टी और यहां तक कि साउथ सुपरस्टार महेश बाबू, राम चरण और जूनियर एनटीआर तक ने 'धुरंधर 2' के गुणगान कर दिए हैं.
शाहरुख ने की धुरंधर 2 की तारीफ?
डायरेक्टर आदित्य धर की 'पीक डिटेलिंग' की चर्चा हो रही है. इस बीच सोशल मीडिया पर एक इंस्टाग्राम स्टोरी पोस्ट वायरल हुई है. इसपर किंग शाहरुख खान का नाम लिखा हुआ है. इंटरनेट पर छाए पोस्ट के स्क्रीनशॉट में दावा किया गया कि सुपरस्टार शाहरुख खान ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर आदित्य धर की फिल्म की तारीफ की है. मगर जल्द ही इसपर सवाल भी उठने लगे. सवाल ये था कि ये स्क्रीनशॉट असली है या फिर इसे एआई से बनाया गया है?
वायरल स्क्रीनशॉट में दावा किया गया है कि शाहरुख खान को रणवीर सिंह की 'धुरंधर: द रिवेंज' पसंद आई है. साथ ही वो डायरेक्टर आदित्य धर के साथ काम करने के लिए बेताब हैं. इसमें लिखा था, 'अभी-अभी धुरंधर 2 देखी, और सच कहूं तो ये फिल्म दिल में बस गई है. गर्व, शक्ति और दिल छू जाने वाले पलों से भरी फिल्म, यही तो सिनेमा है. शानदार परफॉरमेंस, जबरदस्त स्केल और कहानी कहने का तरीका जो आपको सबकुछ महसूस कराता है. रणवीर सिंह, अर्जुन रामपाल और पूरी टीम को ढेर सारा प्यार. उम्मीद है कि आदित्य धर किसी दिन मुझे भी कोई फिल्म ऑफर करेंगे. उनके साथ काम करने के लिए बेताब हूं.'
इस वायरल पोस्ट के पीछे का सच सामने आ गया है. यह वायरल स्क्रीनशॉट पूरी तरह फेक है और ज्यादातर एआई जनरेटेड है. शाहरुख खान ने अभी तक 'धुरंधर: द रिवेंज' की सफलता को लेकर कोई भी आधिकारिक बयान नहीं दिया है. शाहरुख किसी भी शख्स या पिक्चर की तारीफ X (पहले ट्विटर) के जरिए करते हैं. दूसरी तरफ 'धुरंधर 2' ने बॉक्स ऑफिस पर 400 करोड़ रुपये कमा लिये हैं.
aajtak.in