बॉलीवुड के 'सुल्तान' सलमान खान अपनी सादगी और बेपरवाह अंदाज के लिए हमेशा ही चर्चा में रहते हैं. अक्सर उन्हें बहुत ही साधारण टी-शर्ट और जींस में देखा जाता है, लेकिन इस बार भाईजान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर कुछ अलग ही वजह से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में फैंस की नजर सलमान के जूतों पर टिक गई, जो पहली नजर में काफी पुराने और फटे हुए दिखाई दे रहे हैं.
जैसे ही यह वीडियो इंटरनेट पर आया, नेटिजन्स ने तरह-तरह की बातें करना शुरू कर दिया. कोई इसे सलमान की सादगी बता रहा है, तो कोई इसे उनकी लापरवाही कह रहा है. लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि जिसे लोग फटा हुआ जूता समझ रहे हैं, उसकी कीमत लाखों में है.
भाईजान का रफ-एंड-टफ लुक
हाल ही में एक इवेंट के दौरान सलमान खान को बेहद कैजुअल अंदाज में देखा गया. उन्होंने चेक वाली काली शर्ट और जींस पहनी हुई थी. हाथ में उनका सिग्नेचर 'लकी चार्म' ब्रेसलेट भी नजर आ रहा था. पैपराजी को पोज देते समय सलमान काफी रिलैक्स दिख रहे थे, लेकिन तभी लोगों का ध्यान उनके जूतों की तरफ गया.
वीडियो में दिख रहा है कि उनके जूतों का चमड़ा आगे से उखड़ा हुआ है और एक जूते में तो बड़ा सा छेद भी नजर आ रहा है. देखते ही देखते ये तस्वीरें और वीडियो पूरे सोशल मीडिया पर फैल गए और लोग सवाल उठाने लगे.
लाखों की कीमत वाले 'फटे' जूते
सोशल मीडिया पर जैसे ही यह बहस छिड़ी कि सलमान खान के जूते फटे हुए हैं, वैसे ही इसकी असलियत भी सामने आ गई. असल में, ये जूते फटे या पुराने नहीं हैं, बल्कि लग्जरी फैशन ब्रांड Balenciaga के 'सुपर-डिस्ट्रेस्ड' जूते हैं, जिन्हें 'Paris Sneaker' भी कहा जाता है.
फैशन की दुनिया में इसे 'डिस्ट्रेस्ड लुक' कैटेगरी में रखा जाता है. आपको जानकर धक्का लग सकता है कि इन 'खराब' दिखने वाले जूतों की कीमत करीब 1,850 डॉलर यानी लगभग 1 लाख 42 हजार 962 रुपये है. यानी जिसे आम लोग मजबूरी समझ रहे थे, वह दरअसल एक बहुत ही महंगा फैशन स्टेटमेंट है.
क्या है इस 'डिस्ट्रेस्ड' फैशन की कहानी?
उस लग्जरी ब्रांड के मुताबिक, इन जूतों को जान-बूझकर ऐसा डिजाइन किया गया है ताकि वे गंदे, घिसे हुए और पहले से पहने हुए (Pre-worn) नजर आएं. ये स्नीकर्स एक क्लासिक डिजाइन को नया रूप देते हैं, जो 20वीं सदी के एथलेटिक अंदाज और सदाबहार कैजुअल स्टाइल को पेश करते हैं.
इन्हें बनाने के लिए पुराने कैनवस और खुरदुरे किनारों का इस्तेमाल किया गया है, जिससे इन्हें वह पुराना लुक मिलता है. ब्रांड का दावा है कि यह कलेक्शन 'पूरी जिंदगी पहनने' के लिए बनाया गया है और यह लेस वाले हाई-टॉप या बैकलेस स्टाइल में उपलब्ध है.
aajtak.in