क्लासिक 'रामायण' से हुई रणबीर की फिल्म की तुलना, रामानंद सागर के बेटे बोले- ये सही नहीं

रामानंद सागर के बेटे मोती सागर ने रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण' के टीजर पर अपनी राय रखी है. मोती सागर ने कहा कि उन्हें रणबीर कपूर का फर्स्ट लुक पसंद आया है. साथ ही उन्होंने 1987 के टीवी सीरियल 'रामायण' और आने वाली फिल्म की तुलना को खारिज कर दिया.

Advertisement
'रामायण' टीजर पर आया रामानंद सागर के बेटे का रिएक्शन (Photo: Screengrab) 'रामायण' टीजर पर आया रामानंद सागर के बेटे का रिएक्शन (Photo: Screengrab)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 08 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 8:50 PM IST

डायरेक्टर नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' में रणबीर कपूर का भगवान राम के रूप में नजर आने वाले हैं. पिक्चर से रणबीर का पहला लुक हाल ही में रिलीज हुआ था. इसे ऑडियंस से मिक्स रिएक्शन मिले. साथ ही कई सेलिब्रिटी ने इसकी तारीफ की. इसमें रामानंद सागर की 'रामायण' के एक्टर दीपिका चिखलिया और अरुण गोविल शामिल हैं. अब रामानंद सागर के बेटे मोती सागर ने भी 'रामायण' के टीजर पर अपनी राय रखी है. 

Advertisement

मोती सागर ने कहा कि उन्हें रणबीर कपूर का फर्स्ट लुक पसंद आया है. साथ ही उन्होंने 1987 के टीवी सीरियल 'रामायण' और आने वाली फिल्म की तुलना को खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि दोनों का फॉर्मेट पूरी तरह अलग है. अपने पिता के साथ 'रामायण' को को-डायरेक्ट करने वाले मोती सागर ने कहा कि 'रामायण' के टीजर के आधार पर फिल्म को जज करना उचित नहीं होगा. लेकिन उन्होंने रणबीर कपूर को भगवान राम के रूप में बहुत पसंद किया. इस किरदार को सीनियर एक्टर अरुण गोविल ने अमर बना दिया था.

रामायण को लेकर क्या बोले मोती सागर?

मोती सागर ने एक एजेंसी संग बातचीत में कहा, 'मैं रामायण से बहुत अच्छी उम्मीद रखता हूं, क्योंकि रणबीर आज के सबसे बेहतरीन एक्टर्स में से एक हैं, खासकर परफॉरमेंस और इमोशंस के मामले में. वे क्लास एक्टर हैं और उनमें बहुत गहराई है. लेकिन आप इस टीजर से कुछ भी जज नहीं कर सकते. एक्टर की परफॉरमेंस में बहुत गहराई है. उन्होंने इस किरदार में बहुत गहराई से उतरकर काम किया होगा. इसलिए मैं पूरी फिल्म देखने के बाद ही कमेंट करना चाहूंगा. मुझे इस फिल्म से बहुत अच्छी चीजों की उम्मीद है.'

Advertisement

डायरेक्टर ने यह भी कहा कि फिल्म और टीवी शो की तुलना 'सही नहीं' है. 'रामायण' टीवी शो अपनी रिलीज के बाद एक सांस्कृतिक घटना बन गया था. उस समय टीम को किरदारों और डिटेल्स में गहराई से जाने की छूट थी. मोती सागर ने इसे लेकर कहा, 'लोग अक्सर यह भूल जाते हैं कि हमारी रामायण 78 एपिसोड की थी. हर एपिसोड 30-40 मिनट का था. जबकि फिल्म सिर्फ 3-4 घंटे की होगी. इसलिए बहुत अंतर होगा. टीवी शो में हम बहुत ज्यादा डिटेल्स में जा सकते थे.'

टीवी शो बनाने में किए जुगाड़

मोती सागर ने बताया कि उनके पिता रामानंद सागर, रामायण की कहानी को पूरी ईमानदारी और भक्ति के साथ कहना चाहते थे. शो को प्रति एपिसोड सिर्फ 9 लाख रुपये के बजट में बनाया गया था. इसे गुजरात के उंबरगांव में एक स्टूडियो के अंदर और आसपास 10-12 घंटे रोज शूट किया जाता था. उन्होंने कहा, 'मेरे पिता भगवान राम के परम भक्त थे. विक्रम बेताल और दादा-दादी की कहानियां बनाने के बाद उन्होंने हम चारों को बुलाया और कहा कि रामायण मेरे जीवन का सबसे बड़ा सपना है. मुझे इसे बनाना ही है, भले ही मुझे अपना बंगला बेचना पड़े. उन्होंने कहा कि वे शो पैसे के लिए नहीं बना रहे हैं. जो भी इसमें काम करना चाहे, आ सकता है. हम सब उनके साथ जुड़ गए और उन दो-तीन सालों में हम सिर्फ और सिर्फ रामायण जीते-खाते थे. उन्होंने इसे नैतिक मूल्यों और जागरूकता फैलाने के लिए बनाया था.'

Advertisement

मोती सागर ने कहा कि शो बनाने के दौरान मेकर्स को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा था. लेकिन पूरा परिवार पिता के सपने को पूरा करने के लिए दृढ़ था. उस समय कंप्यूटर जेनरेटेड इमेजरी (CGI) उपलब्ध नहीं थी. इसलिए उन्होंने स्पेशल इफेक्ट्स बनाने के लिए तरह-तरह के 'जुगाड़' किए थे. उन्होंने बताया, 'हमने अनोखे तरीकों से स्पेशल इफेक्ट्स बनाए. जैसे अगरबत्ती और धूप से कोहरा बनाया, रुई से बादल बनाए. धनुष-बाण के सीन के लिए हमने SEG 2000 नाम की नई मशीन का इस्तेमाल किया.'

फिल्म 'रामायण' में रणबीर कपूर के साथ साई पल्लवी, यश, सनी देओल और रवि दुबे नजर आने वाले हैं. टीवी शो 'रामायण' के राम उर्फ एक्टर अरुण गोविल इसमें राजा दशरथ की भूमिका निभाते नजर आएंगे. 'रामायण' को दो पार्ट्स में रिलीज किया जाएगा. 4000 करोड़ रुपये के बजट में बन रही इस पिक्चर का पहला पार्ट दिवाली 2026 और दूसरा पार्ट दिवाली 2027 पर रिलीज होगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »