एक्टर राजपाल यादव अपनी नई फिल्म 'भूत बंगला' की रिलीज की तैयारी कर रहे हैं. ये एक्टर के चेक बाउंस विवाद के बाद उनकी पहली पिक्चर होने जा रही है. फिल्म का टीजर हाल ही में रिलीज हुआ था, जिसके एक सीन में राजपाल, हीरो अक्षय कुमार को थप्पड़ मारते नजर आए. सीन देखते ही फैंस को तुरंत पुरानी फिल्म 'भूल भुलैया' का वो सीन याद आ गया, जब अक्षय ने राजपाल को थप्पड़ मारा था.
राजपाल ने अक्षय को मारा चांटा
न्यूज 18 संग बातचीत में राजपाल यादव ने इस सीन के बारे में खुलकर बात की. उन्होंने खुलासा किया कि यह सीन असल में अक्षय कुमार का ही आइडिया था. उन्होंने खुद राजपाल से कहा था कि वो उन्हें थप्पड़ मारें. राजपाल ने कहा, 'हमारा और अक्की पाजी का बाल खींचना, चांटा मारना, एक-दूसरे पर चिल्लाना, ये सब सिचुएशन के हिसाब से हो जाता है. ये इम्प्रोवाइजेशन मेरी नहीं है, विश्वास मानिए, ये अक्की पाजी का आइडिया था.'
उन्होंने आगे बताया कि रिहर्सल के दौरान अक्षय कुमार को यह आइडिया सूझा था. एक्टर ने कहा, 'जब हम रिहर्सल कर रहे थे, तभी अक्की पाजी के दिमाग में आया कि तू मार, तू रख दे, वो उस सिचुएशन पर फिट बैठता था. और हमारा बहुत अच्छा कोऑर्डिनेशन है कि तू गेंद ऐसे मारेगा तो मैं बल्ला ऐसे चलाऊंगा. विश्वास मानिए, प्रियान जी, अक्की पाजी, परेश जी और हमारा ऐसा कोऑर्डिनेशन है कि कोई भी मुश्किल फिल्म हो, हम उसे आसानी से उठा लेते हैं. ये प्रियान जी की वजह से है.'
'भूत बंगला' को लेकर फैंस के बीच काफी उत्साह है. इसका कारण डायरेक्टर प्रियदर्शन और अक्षय कुमार की जोड़ी का 15 साल बाद दोबारा बड़े पर्दे पर लौटना है. पिक्चर में सालों बाद अक्षय कुमार और तब्बू को भी साथ काम करते देखा जाएगा. दोनों ने 25 साल पहले फिल्म 'हेरा फेरी' में स्क्रीन शेयर की थी. अक्षय और राजपाल की ये हॉरर-कॉमेडी पिक्चर 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. देखना होगा कि ये 'धुरंधर 2' की आंधी के सामने टिककर कमाई कर पाती है या नहीं.
aajtak.in