आयुष्मान खुराना की फिल्म 'पति पत्नी और वो दो' शुक्रवार को थिएटर्स में पहुंच रही है. लॉकडाउन से पहले तक बॉलीवुड में बड़े हिट-मेकर बनकर उभरे आयुष्मान खुराना, पिछले 6 सालों में बहुत दमदार हिट नहीं दे पाए हैं. सोशल कॉमेडी जॉनर के उस्ताद एक्टर्स में गिने जाने वाले आयुष्मान को फॉर्म में लौटने के लिए एक बड़ी हिट की बहुत जरूरत है. कहानी में उनके साथ तीन चर्चित यंग एक्ट्रेसेज भी हैं— वामिका गब्बी, सारा अली खान और रकुल प्रीत सिंह. लेकिन क्या पति पत्नी और वो दो, आयुष्मान के लिए वो बड़ी हिट बन पाएगी? फिल्म की एडवांस बुकिंग देखने के बाद तो इस सवाल का जवाब नेगेटिव ही नजर आ रहा है.
बेहद ठंडी है पति पत्नी और वो दो की बुकिंग
आयुष्मान की फिल्म के लिए एडवांस बुकिंग काफी लेट शुरू हुई. फिल्म के ट्रेलर और गानों को भी कुछ खास रिस्पॉन्स नहीं मिला था. जनता में इस कहानी के लिए बहुत एक्साइटमेंट नजर नहीं आ रही थी. मेकर्स ने 13 मई से बुकिंग ओपन करने की अनाउंसमेंट की थी.
गुरुवार शाम तक, बुक माय शो बता रहा था कि पति पत्नी और वो दो के लिए दर्शकों में कुछ खास मूवमेंट नहीं नजर आ रही. टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म के ट्रेंडिंग टिकर के अनुसार, पिछले 24 घंटों में आयुष्मान की फिल्म के लिए 6 हजार से भी कम टिकट बुक हुए हैं.
बहुत कमजोर ओपनिंग करेगी फिल्म
पति पत्नी और वो दो की एडवांस बुकिंग देखने के बाद यही अनुमान लग रहा है कि इसका ओपनिंग कलेक्शन 5 करोड़ से भी कम रह सकता है. इस रेंज में ओपनिंग कलेक्शन आयुष्मान को 2018 या उससे पहले मिला करता था.
लॉकडाउन के बाद आयुष्मान खुराना की 4 फिल्में बैक टू बैक फ्लॉप हुई थीं— चंडीगढ़ करे आशिकी, अनेक, डॉक्टर जी और एन एक्शन हीरो. इन सभी का कलेक्शन 5 करोड़ से कम था.
आयुष्मान की पिछली दो फिल्मों में ड्रीम गर्ल 2 (2023) ने 10 करोड़ से ज्यादा ओपनिंग की थी. जबकि उनकी पिछली रिलीज थामा (2025) को 23 करोड़ से ज्यादा ओपनिंग मिली थी. मगर अब पति पत्नी और वो दो, इन दोनों फिल्मों से बहुत पीछे छूटती नजर आ रही है.
पति पत्नी और वो दो के ट्रेलर पर सोशल मीडिया का रिएक्शन काफी धारदार था. कई लोगों को फिल्म में शादीशुदा पति का दो लड़कियों के साथ प्रेम में पड़ने वाला एंगल पसंद नहीं आया था. 1978 में आई 'पति पत्नी और वो' से ही बॉलीवुड इस प्लॉट लाइन को काफी भुना चुका है. गोविंदा की 'साजन चले ससुराल' (1996), अनिल कपूर की 'घरवाली बाहरवाली' (1998) से लेकर सलमान खान की 'बीवी नंबर 1' (1999) तक, 80-90 के दशक में ऐसे प्लॉट वाली कहानियां बहुत कॉमन थीं.
कार्तिक आर्यन की 'पति पत्नी और वो' (2019) यही एंगल दोबारा बड़े पर्दे पर लेकर आई थी. मगर अब लॉकडाउन के बाद जनता किसी भी तरह के दोहराव को कहानियों में बहुत पसंद नहीं कर रही. इसी बात के लिए आयुष्मान की फिल्म को टारगेट किया जा रहा था. ऐसे में पति पत्नी और वो दो अब पूरी तरह शुक्रवार को जनता के वर्ड ऑफ माउथ पर निर्भर है.
सुबोध मिश्रा