'किस्मत की सबसे खूबसूरत आदत पता है क्या है... वो वक्त आने पे बदलती जरूर है' फिल्म धुरंधर का ये डायलॉग यामी गौतम पर एक दम फिट बैठ रहा है. बॉलीवुड की चकाचौंध भरी दुनिया में रिश्ते कितनी जल्दी बदलते हैं, इसका ताजा उदाहरण फिल्ममेकर करण जौहर के एक्शन में दिख रहा है. पहले 'हक' और फिर 'धुरंधर' की सफलता ने पूरे इंडस्ट्री को इस समय हिला कर रख दिया है. ऐसे में हर कोई यामी गौतम और उनके पति आदित्य धर की तारीफ करने से नहीं थक रहे.अब इसमें एक नाम करण जौहर का भी हैं.
दरअसल एक दौर था जब करण जौहर ने यामी गौतम को अपने फेमस टॉक शो 'कॉफी विद करण' में बुलाने से साफ इनकार कर दिया था, क्योंकि उनकी नजर में यामी तब 'ए-लिस्ट' एक्ट्रेसेस की लिस्ट में नहीं आती थीं. लेकिन समय का पहिया ऐसा घूमा कि आज वही करण जौहर सार्वजनिक मंच पर यामी को गले लगाते और उनकी तारीफों के पुल बांधते नजर आ रहे हैं.
करण जौहर ने किया था इग्नोर
मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो ये पूरी कहानी साल 2017 की है, जब फिल्म 'काबिल' रिलीज होने वाली थी. सुपरस्टार ऋतिक रोशन ने 'कॉफी विद करण' के मेकर्स से गुजारिश की थी कि फिल्म के प्रमोशन के लिए उनकी को-स्टार यामी गौतम को भी शो पर बुलाया जाए. लेकिन उस वक्त करण जौहर और उनकी टीम ने ऋतिक से कहा कि वे अकेले आना चाहें तो आ सकते हैं, लेकिन यामी को शो में जगह नहीं मिल सकती. क्योंकि उस समय यामी को बॉलीवुड के 'बड़े क्लब' का हिस्सा नहीं माना जाता था. हालांकि ऋतिक ने भी सम्मान दिखाते हुए शो पर जाने से मना कर दिया था.
सिर्फ यही नहीं, 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक' के प्रमोशन के दौरान एक रियलिटी शो में भी करण जौहर और दूसरे जजों ने कथित तौर पर यामी को नजरअंदाज किया था. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में दिखाया गया है कि कैसे एक्ट्रेस यामी जजों के पैनल में बैठी हैं, जबकि KJo, मलाइका और किरण खेर अपने-अपने फोन में व्यस्त हैं.
अब समय का पहिया ऐसा बदला कि यामी गौतम की फिल्म 'हक' को न सिर्फ क्रिटिक्स ने सराहा, बल्कि दर्शकों का भी भरपूर प्यार मिला. वहीं दूसरी तरफ, उनके पति आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर 2' बॉक्स ऑफिस पर सारे पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर रही है. ये ही वजह है कि अब करण फिल्म हक देखने के बाद खुद को यामी का 'लाइफलॉन्ग फैन' बता रहे हैं.
करण जौहर ने की यामी की तारीफ
हाल ही में मुंबई में आयोजित एक बड़े इवेंट में करण जौहर कभी यामी को नजरअंदाज़ करते थे, वे उन्हें गर्मजोशी से गले लगाते दिखे. जिसका वीडियो भी वायरल हुआ. लोगों ने भी कहना शुरू कर दिया कि 'धुरंधर 2' की सफलता का असर साफ दिख रहा है.
aajtak.in