'इंडिया टुडे कॉन्क्लेव 2026' इस बार 'द इंटेलिजेंस एक्सचेंज' जैसी दमदार थीम के साथ आयोजित किया गया. इस कॉन्क्लेव में कला और सिनेमा की दुनिया के सितारों की चमक भी देखने को मिली. जिसमें बॉलीवुड के सदाबहार एक्टर अनिल कपूर पहुंचे.
एक्टर अनिल कपूर को सिनेमा में लगभग चार दशकों से अधिक का एक्सपीरियंस हैं. एक्टर ने The Ageless Rebel: Rewriting the Rules of Stardom सेशन पर अपने विचार शेयर किए.
अनिल कपूर ने क्या कहा?
इंडिया टुडे कॉन्क्लेव में जब बातचीत के दौरान उनकी तुलना महान एक्टर देवानंद साहब से की गई, तो अनिल कपूर ने बेहद विनम्र मगर दृढ़ लहजे में इसे नकार दिया. उन्होंने साफ शब्दों में कहा, 'नहीं, मेरी तुलना उनसे नहीं हो सकती. मैं देवानंद साहब जैसा नहीं, मैं सिर्फ अनिल कपूर ही हूं.'
धुरंधर 2 का मिला ऑफर
अनिल कपूर से जब पूछा गया कि डायरेक्टर आदित्य धर अगर आपके पास आए और आपको कहे कि 'धुरंधर 3' बना रहे हैं कि आप इस फिल्म का हिस्सा होंगे?
इस पर अनिल कपूर ने खुलासा किया कि आदित्य धर मेरे पास धुरंधर 2 के लिए भी आए थे. वो उस फिल्म में मुझे छोटा कैमियो रोल देना चाहते थे. लेकिन आज जो मैं हूं वो प्रोफेशनलिज्म और कमिटमेंट की वजह से हूं.
उन दिनों मैंने दूसरे फिल्ममेकर्स को कमिटमेंट देकर रखा था. मैंने आदित्य से कहा भी कि मुझे ये कैरेक्टर अच्छा लग रहा है. लेकिन इस समय मैं कई दूसरी फिल्में कर रहा हूं. अब इस फिल्म का दूसरा पार्ट रिलीज होने वाला है, इसमें मेरा नुकसान है लेकिन मैं अपने कमिटमेंट से पीछे हट नहीं सकता था. ये काफी अनप्रोफेशनल होता. लेकिन हम आगे जरूर काम करेंगे.
जब अनिल से पूछा गया कि क्या वो धुरंधर 3 फिल्म करेंगे? इस पर उन्होंने दो टूक जवाब देते हुए कहा, 'मैं कुछ नया करना चाहूंगा.'
कब रिलीज हो रही है फिल्म धुरंधर?
रणवीर सिंह स्टारर आदित्य धर के डायरेक्शन में बनी फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' 19 मार्च को रिलीज हो रही है. फिल्म 'धुरंधर' को एकबार फिर वर्ल्ड वाइड रिलीज किया जा रहा है. फिल्म 19 मार्च, 2026 को दुनिया भर में पांच भाषाओं— हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ में रिलीज होगी.
aajtak.in