इसे दमदार सिनेमा का क्रेज कहिए या दीवानापन या पागलपन… ‘धुरंधर 2’ ने ट्रेलर आने से पहले ही रिकॉर्ड्स राख करने शुरू कर दिए हैं. मार्च की शुरुआत से ही हर दिन जनता जिस अपडेट के लिए रणवीर सिंह की इंस्टाग्राम स्टोरी पर नजरें गड़ाए बैठी थी, वो शुक्रवार को आया— ‘ट्रेलर आउट, कल. 7 मार्च को, 11:01 AM पर.’ यानी अब ‘धुरंधर: द रिवेंज’ के ट्रेलर में बस कुछ घंटे बचे हैं. ट्रेलर एक फिल्म की वो झलकियां दिखाता है, जो जनता को टिकट खरीदने की वजह देती हैं. लेकिन ‘धुरंधर 2’ के लिए जनता को ऐसी किसी वजह की जरूरत ही नहीं है. अमेरिका में ट्रेलर आने से पहले ही एडवांस बुकिंग खुल चुकी थी और जनता का रिस्पॉन्स ऐसा है कि ‘धुरंधर 2’ ने अभी से रिकॉर्ड बनाने शुरू कर दिए हैं.
‘धुरंधर 2’ की धुआंधार एडवांस बुकिंग
अमेरिका में ‘धुरंधर 2’ की एडवांस बुकिंग 28 फरवरी को शुरू हुई थी. रिपोर्ट्स हैं कि 19 मार्च को रिलीज से पहले, 18 मार्च को फिल्म का प्रीमियर होना है. एडवांस बुकिंग में ही ‘धुरंधर 2’ को ऐसा रिस्पॉन्स मिला है कि रिलीज तो दूर, ट्रेलर आने से पहले ही रिकॉर्ड्स बनने लगे हैं.
सैकनिल्क की एक रिपोर्ट बताती है कि सिर्फ ‘धुरंधर 2’ के प्रीमियर के लिए हुई एडवांस बुकिंग का ग्रॉस कलेक्शन 3 लाख यूएस डॉलर से ज्यादा हो चुका है. प्रीमियर समेत, ओपनिंग डे की एडवांस बुकिंग से फिल्म 5 लाख डॉलर का कलेक्शन कर चुकी है. जबकि पूरे ओपनिंग वीकेंड के लिए एडवांस बुकिंग से हुआ ग्रॉस कलेक्शन 8 लाख यूएस डॉलर का आंकड़ा पार कर चुका है. ट्रेलर आने से पहले ही 1 मिलियन डॉलर से ज्यादा एडवांस बुकिंग ग्रॉस कलेक्शन होना तय है. भारतीय रुपये में ये अमाउंट करीब 10 करोड़ रुपये होता है.
यूएस में एडवांस बुकिंग का ऑल टाइम रिकॉर्ड
यूएस में ओपनिंग डे के लिए सबसे ज्यादा एडवांस बुकिंग बटोरने वाली बॉलीवुड फिल्म रणबीर कपूर की ‘एनिमल’ है. इसके ओपनिंग डे की एडवांस बुकिंग से ही करीब 1.2 मिलियन डॉलर का ग्रॉस कलेक्शन हुआ था.
अभी ‘धुरंधर 2’ का ट्रेलर आना बाकी है, फिर गानों में फिल्म की झलकियां मिलेंगी. रिलीज में 10 दिन से ज्यादा का वक्त है और हर दिन फिल्म का क्रेज नई ऊंचाई पर जाएगा. इसलिए पूरा चांस है कि ओपनिंग डे के लिए ‘धुरंधर 2’ की एडवांस बुकिंग बड़े आराम से ‘एनिमल’ का रिकॉर्ड तोड़ने वाली है.
सुबोध मिश्रा