बॉक्स ऑफिस पर हर दिन कमाई के नए रिकॉर्ड बना रही फिल्म धुरंधर 2 का ग्लोबली डंका बज रहा है. मूवी देखने के बाद राकेश बेदी के किरदार जमील जमाली की चर्चा हो रही है. उनके इस रोल ने पाकिस्तान की सियासत में हलचल मचा दी है. पहला पार्ट सामने आने के बाद पाकिस्तानी नेता नबील गबोल ने दावा किया कि जमील का रोल उनसे इंस्पायर है. ऐसा बोलकर उन्होंने जमकर लाइमलाइट लूटी थी. लेकिन धुरंधर 2 आने के बाद उनके सुर बदले हैं.
नबील गबोल ने जताई नाराजगी
वो मेकर्स पर जमकर निशाना साध रहे हैं. क्योंकि धुरंधर 2 में जमील को रॉ एजेंट दिखाया गया है. इसके बाद से नबील छुपते छिपाते फिर रहे हैं. अब एक नए इंटरव्यू में नबील ने धुरंधर के मेकर्स पर निशाना साधा है. नबील ने फिल्म को बकवास कहा. उनका कहना है ये फिल्म ल्यारी की संस्कृति को गलत पेश करती है. उन्होंने कहा- मैं जमील जमाली के कैरेक्टर से बिल्कुल भी खुश नहीं हूं. हमारे ल्यारी में ये कल्चर नहीं है जहां पर आपको डिस्को नजर आए. ल्यारी के अंदर कोई बलोच पंजाबी नहीं बोलता है. फिल्म में जमील जमाली पंजाबी में बात कर रहा था. ल्यारी के कल्चर में मेरा दबंग रोल था. मैंने दबंगई के साथ ल्यारी में सियासत की है. लेकिन फिल्म में जमील को एक चापलूसी वाले रोल में दिखाया गया. इसलिए वो रोल मुझपर फिट बैठता नहीं है.
नबील ने रहमान डैकत, जिनका रोल अक्षय खन्ना ने प्ले किया था, को लेकर भी बात की. वो कहते हैं- अब्दुल रहमान का किरदार भी वैसा नहीं है जैसा मूवी में दिखाया गया है. मैं उसे करीब से जानता था. उस वक्त जब अब्दुल रहमान होता था. हम रात भर साथ में बैठते थे, पूरी रात कचहरियां करते थे. कोई दशहत नहीं होती थी. ये तो अब्दुल रहमान के बाद हुआ. गैंगवॉर अब्दुल रहमान के बाद हुई. अब्दुल रहमान अमन चाहता था. उसने अमन कमेटी बनाई थी. मैं उससे कहता था जहां पर गोलियां चलती है तुम खुद उनसे निपटो. जब भी गोलियां चलती थीं, पुलिस से पहले हम पहुंचते थे. फिर उन्हें पकड़कर पुलिस के हवाले करते थे. अब्दुल रहमान के बाद जो लोग आए उन्होंने इसे गलत रंग दे दिया. उसे गैंगवॉर का नाम दिया.
इससे पहले नबील ने एक इंटरव्यू में कहा था- ल्यारी कोई आतंकवादी हब नहीं है. अगर यहां पर इनका कोई एजेंट आ जाता तो वो जिंदा ल्यारी से नहीं निकल पाता. धुरंधर में जो मेरा रोल दिखाया गया. वो गलत है. मेरा रोल दंबग था.
धुरंधर 2 को लेकर नबील या पाकिस्तानी अवाम भले ही नाराजगी जाहिर कर रही हो, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर ये फिल्म गर्दा उड़ा रही है. मूवी ने 5 दिन में 500 करोड़ का नेट इंडिया कलेक्शन कर लिया है. ट्रेड एनालिस्ट्स का मानना है कि धुरंधर 2 का बॉक्स ऑफिस पर आया ये सैलाब अभी थमने वाला नहीं है.
aajtak.in