आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म 'धुरंधर 2' का धमाका जारी है. एक तरफ फिल्म बॉक्स ऑफिस पर गर्दा उड़ा रही है, तो वहीं, दूसरी तरफ फिल्म को लेकर एक नया विवाद खड़ा हो गया है. फिल्म में आर माधवन के एक सीन पर सिख समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगा है. ऐसे में माधवन ने अब अपने सीन पर चल रहे विवाद पर सफाई दी है और सिख समुदाय से माफी भी मांगी है.
विवादित सीन पर क्या बोले माधवन?
माधवन ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो मैसेज शेयर किया है. उन्होंने फिल्म को प्यार देने के लिए दर्शकों का शुक्रिया अदा किया और अपने एक स्मोकिंग सीन पर हो रहे विवाद पर सफाई भी दी. माधवन ने स्वीकार किया कि कुछ दर्शक उनके स्मोकिंग सीन से नाराज हैं. उन्होंने कहा कि ये सिर्फ एक गलतफहमी है. उन्होंने सिख समुदाय का अपमान नहीं किया है. वो हर समुदाय की इज्जत करते हैं.
माधवन ने वीडियो मैसेज में कहा- धुरंधर के पूरे परिवार की तरफ से आप लोगों को बहुत-बहुत धन्यवाद. आप लोगों ने हमारी फिल्म को इतना प्यार दिया है. हमें समझ नहीं आ रहा है कि इस पर हम कैसे रिएक्ट करें.
'हाल ही में हमें पता चला है कि कुछ लोगों को इस बात से तकलीफ हुई है कि फिल्म के एक सीन में मैंने सिगरेट पीते हुए पवित्र ग्रंथ की लाइनें बोली हैं. मैं आपको यकीन दिलाता हूं कि ये सही नहीं है. थोड़ी गलतफहमी हुई है, क्योंकि मुझे पूरा यकीन है कि इस सीन के दौरान ये लाइनें बोलने से पहले आदित्य धर जी ने मुझसे कहा था कि ये लाइनें बोलने से पहले ही आप सिगरेट बुझा देना. उन्होंने ये भी कहा था कि आपके मुंह से उस सीन में न धुआं निकलेगा और ना स्क्रीन पर कहीं धुआं दिखाई देगा, ना आपके हाथ में सिगरेट होगी, क्योंकि ये हमारे लिए बहुत पवित्र है. '
'मैंने सिगरेट बुझा दिया था. आप सीन देखेंगे कि मेरे मुंह से न धुआं निकला है और न सीन में कहीं धुआं दिखा है. उस पूरे सीन में सिगरेट नहीं है, क्योंकि हमें पता है कि हम आनजाने में भी किसी का दिल नहीं दुखाना चाहते. सिख समुदाय के साथ हम हैं और हमेशा रहेंगे.'
माधवन ने ये भी कहा कि वो अपनी हर फिल्म की रिलीज से पहले ही वो अमृतसर के गोल्डन टेंपल माथा टेकने जाते हैं. एक्टर बोले- यकीन मानिए किसी को ठेस पहुंचाने का हमारा कोई इरादा नहीं था और ना ही हमने इस फिल्म में ऐसा कुछ किया है. सीन के शुरुआत में हाथ में सिगरेट थी, क्योंकि किरदार स्मोक करता है, लेकिन लाइनें बोलने से बहुत पहले ही मैं सिगरेट बुझा देता हूं. लाइनें बोलते वक्त न आपको सिगरेट दिखेगी और न ही धुआं नजर आएगा.
हालांकि, सफाई देने के बाद माधवन ने माफी भी मांगी. उन्होंने कहा- अगर किसी को जाने-अनजाने में बुरा लगा है तो माफ कीजिएगा. आर माधवन ने लोगों से ये भी अपील की कि वो ध्यान से पूरा सीन देखें, ताकि गलतफहमी न हो.
क्यों हुआ विवाद?
दरअसल, धुरंधर 2 के एक सीन में माधव के किरदार को गुरु गोविंद सिंह जी के दशम ग्रंथ की पंक्तियां बोलनी थीं. कुछ लोगों का दावा है कि एक्टर ने सिगरेट पीते हुए ये लाइनें बोलीं. इस वजह से माधवन और फिल्म पर सिख समुदाय की भावनाओं को आहत करने का आरोप लगा है. सीन पर कुछ लोग नाराजगी जता रहे हैं. विवाद को बढ़ता देख माधवन ने अब उस सीन को लेकर चुप्पी तोड़ी है. उनका कहना है कि लोगों को गलतफहमी हुई है. उन्होंने पवित्र लाइनें बोलते वक्त सिगरेट नहीं पी थी.
आदित्य धर के निर्देशन में बनी धुरंधर: द रिवेंज, में रणवीर सिंह लीड रोल में हैं. फिल्म में आर माधवन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, राकेश बेदी, दानिश पंडोर और सारा अर्जुन भी अहम रोल में दिखे हैं.
aajtak.in