Advertisement

बॉलीवुड

ऐश्वर्या संग मिलकर कैसे बेटी आराध्या की परवरिश कर रहे अभिषेक बच्चन? देते हैं ये सीख

aajtak.in
  • नई दिल्ली,
  • 04 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 8:00 AM IST
  • 1/8

अभिषेक बच्चन कई बार अपनी बेटी आराध्या बच्चन के जन्म के बाद अपनी जिंदगी, विश्वास और नजरिए में आए बदलाव के बारे में बात कर चुके हैं. एक बार फिर उन्होंने खुलकर बताया है कि आराध्या को बड़ा होते देखना और उसका पालन-पोषण करना उनकी जिंदगी में नए आयाम लाया है.

(Photos: Instagram/@/bachchan/@aishwaryaraibachchan_arb)

  • 2/8

अभिषेक बच्चन ने हाल ही में आराध्या को लेकर एक इंटरव्यू में बात की. यहां उन्होंने कहा कि उनकी बेटी के लगातार सवाल पूछने की आदत ने उन्हें उन बातों का एहसास कराया, जिनकी तलाश उन्हें खुद भी नहीं थी.

  • 3/8

अभिषेक बच्चन अपनी फैमिली लाइफ को आमतौर पर पर्सनल रखते हैं. लेकिन हाल ही में यूट्यूबर लिली सिंह के साथ एक बातचीत में उन्होंने अपने और ऐश्वर्या राय बच्चन के पेरेंटिंग स्टाइल के बारे में कुछ खुलासे किए. उन्होंने बताया कि उनके घर में पेरेंटिंग को लेकर कोई तय रोल नहीं है. उन्होंने कहा कि सिर्फ इसलिए कि वे पुरुष हैं, इसका मतलब यह नहीं कि आराध्या को खुद की रक्षा करना सिर्फ वे ही सिखा सकते हैं. ऐश्वर्या भी इसमें भरपूर सक्षम हैं.

Advertisement
  • 4/8

अभिषेक बच्चन ने कहा, 'मेरे घर में हम दोनों माता-पिता के रूप में आराध्या के लिए सबसे अच्छा उदाहरण बनने की कोशिश करते हैं, बजाय यह बताने के कि क्या सही है और क्या गलत. हम मानते हैं कि हमें खुद वैसा बनकर दिखाना चाहिए. कभी ऐसा नहीं रहा कि 'ठीक है, मैं उसे सेल्फ-डिफेंस सिखाऊंगा'. अगर आप मेरी पत्नी को देखें, तो वह खुद की देखभाल खुद कर सकती हैं. कभी भी यह बंटवारा नहीं रहा कि 'मैं उसे सेल्फ-डिफेंस सिखाऊंगा, तुम उसे सहानुभूति सिखाना'. नहीं, ऐसा कुछ नहीं है.'

  • 5/8

उन्होंने आगे कहा, 'यह सिर्फ अच्छी, जिम्मेदार जिंदगी जीने के बारे में है. वो भी अपने मूल्यों और नैतिकता के साथ. बच्चा आपको देखता है, आपकी नकल करता है और इसी तरह आप उसे तैयार करते हैं. इसलिए घर में यह कॉम्पिटिशन नहीं होता कि कौन मर्द वाला रोल निभाएगा और कौन महिला वाला. बच्चों के मामले में हम दोनों मानते हैं कि आपको उदाहरण बनकर आगे चलना चाहिए, न कि उन्हें सही-गलत सिखाने की कोशिश करनी चाहिए, क्योंकि हो सकता है कि जो हमारे लिए सही है, वह उनके लिए सही न हो. पीढ़ियां बदलती हैं. हमारी दुनिया बहुत अलग है और हमारे बच्चों की दुनिया और भी अलग होने वाली है.'

  • 6/8

अभिषेक ने बेटी आराध्या से जुड़ी एक मजेदार घटना भी याद की. उन्होंने बताया, 'जब आराध्या छोटी थी, हम टीवी देख रहे थे और मुझे पेप्पा पिग देखते हुए बहुत परेशानी हो रही थी. मैंने कहा, 'अरे आराध्या…' आप जानते हैं बच्चों का हाल, वे जैसे जॉम्बी बन जाते हैं. मैंने कहा, 'आराध्या, क्या पापा के लिए एक ग्लास पानी ले आओगी?' उसने मेरी तरफ देखा जैसे 'क्या?' मैंने फिर कहा, 'मुझे एक ग्लास पानी दे दो'. उसने पूछा, 'क्यों?' मैंने कहा, 'क्योंकि मैंने कहा है'. यह तो नॉर्मल है न? मैं पापा हूं, मेरे लिए पानी ले आओ. वह प्यार से उठी, गई और मुझे पानी का ग्लास लाकर दे दिया. मैंने कहा 'थैंक यू', उसे किस किया और वह बैठ गई.'

Advertisement
  • 7/8

उन्होंने आगे बताया, 'आधे घंटा बाद वह बोली, 'पापा?' मैंने कहा, 'हां?' उसने पूछा, 'क्या आप मुझे एक ग्लास पानी दे देंगे?' और मैंने कहा, 'खुद ले लो'. उसने तुरंत पूछा, 'क्यों? अगर आप मुझसे मांग सकते हो, तो मैं आपसे क्यों नहीं मांग सकती?' मेरे पास इसका कोई जवाब नहीं था. मैंने सोचा कि वह सही कह रही है. मैं उस पर रैंक नहीं जता सकता. अगर वह मुझे पानी लाकर दे सकती है, तो मैं उसके लिए क्यों नहीं ला सकता? उसके बाद मैंने कभी भी उसके साथ बहस नहीं की. यह बहुत लॉजिकल था.'

  • 8/8

अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या राय बच्चन ने साल 2007 में शादी की थी. 2011 में उनकी बेटी आराध्या बच्चन का जन्म हुआ. प्रोजेक्ट्स की बात करें तो एक्टर को जल्द फिल्म 'राजा शिवाजी' में देखा जाएगा. ये उनकी पहली मराठी फिल्म है, जो 1 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.

Advertisement

लेटेस्ट फोटो

Advertisement