Bhojpuri Holi Song 2024: भोजपुरी के दो बड़े सुपर स्टार अक्षरा सिंह और यश कुमार ने इस बार होली अयोध्या धाम में मनाने की इच्छा जाहिर की है. उन्होंने अपनी यह इच्छा अपने नए गाने के साथ जाहिर की है, जिसका टाइटल है "राम पहुना संग होली". इस गाने में यश कुमार और अक्षरा सिंह ने खुद को जानकी धाम वासी बताया है. इस नाते उन्होंने भगवान राम को पहुना बताते हुए होली में अयोध्या धाम जाने की बात कही है.
अयोध्या में होली मनाएंगे अक्षरा-यश
अक्षरा सिंह और यश कुमार का होली स्पेशल या गाना भगवान श्री राम के प्रति भक्ति भाव से प्रेरित है. इस गाने की खास बात यह है कि लंबे समय बाद अक्षरा सिंह और यश कुमार एक फ्रेम में नजर आए हैं. होली म्यूजिक वीडियो में दोनों भोजपुरी स्टार्स ने साथ आकर अपने फैंस को बड़ा सप्राइज दिया है. होली गीत "राम पहुना संग होली" में अयोध्या धाम की होली का बखान किया गया है.
होली सॉन्ग को लेकर अक्षरा सिंह ने कहा- मर्यादा पुरुषोत्तम राजाराम की प्राण प्रतिष्ठा के बाद अयोध्या धाम में पहली होली है. इसलिये इसमें कौन जाना नहीं चाहेगा. हमने अपने गाने के जरिए इस इच्छा को दर्शकों के सामने रखा है. उम्मीद करती हूं कि गाना उन्हें बेहद पसंद आएगा. अक्षरा सिंह ने कहा कि 'हम लोग मां जानकी के प्रदेश से आते हैं. ऐसे में प्रभु श्री राम हमारे पहुना हुए. यह होली बेहद खास है और इस खास मौके पर मेरा यह गाना प्रभु श्री राम के भक्तों के चरणों में समर्पित है. आप इसे खूब प्यार और आशीर्वाद दें.'
गाने को लेकर क्या बोले यश कुमार
यश कुमार ने गीत "राम पहुना संग होली" को लेकर कहा कि 'इस बार की होली बेहद खास है, क्योंकि हमारे राजाराम अयोध्या धाम में विराजमान हो चुके हैं. ऐसे में हमने एक अलग कॉन्सेप्ट के साथ भगवान के चरणों में यह गाना समर्पित किया है, जो भक्त के साथ-साथ होली के उमंग को भी दर्शाता है. इसमें भोजपुरी समेत तमाम दर्शक गण डूबने वाले हैं. इसलिए मैं अपील करूंगा कि आप हमारे गाने को ब्लॉकबस्टर बनाएं और इस गाने के साथ अपनी होली को यादगार बनाएं. इसके अलावा आप इस गाने पर रील बनाकर भी भगवान श्री राम के प्रति अपनी श्रद्धा समर्पित कर सकते हैं.'
आपको बता दें कि होली स्पेशल गीत "राम पहुना संग होली" अक्षरा सिंह के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल से रिलीज किया गया है. इस गाने को अक्षरा सिंह के साथ यश कुमार ने गाया है. म्यूजिक वीडियो में दोनों की केमिस्ट्री बेहतरीन नजर आ रही है. गाने का लिरिक्स मनोज मतलबी ने लिखे हैं.
aajtak.in