तमिलनाडु बीजेपी प्रमुख नयनार नागेंद्रन ने एक्ट्रेस तृषा कृष्णन पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने को लेकर माफी मांग ली है. पहले तो नागेंद्रन अपनी बातों पर अड़े थे और उन्होंने अपना बयान वापस लेने से इनकार किया था. लेकिन अब सोमवार को उन्होंने कहा कि अगर उनके बयान से किसी को ठेस पहुंची है तो उन्हें इसका अफसोस है.
नयनार नागेंद्रन ने कहा, 'ये बयान गलती से दिया गया था. हमारी अखिल भारतीय महिला विंग की प्रमुख वनथी श्रीनिवासन और अन्नामलाई ने इस मामले में मुझसे बात की है. अगर मेरे बयान से किसी को ठेस पहुंची है, तो मैं इस पर अपना खेद जाहिर करता हूं.'
बता दें कि अभिनेता से नेता बने विजय ने दावा किया था कि उनकी पार्टी (तमिलगा वेत्री कड़गम) तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में एक प्रमुख चुनौती बनकर उभरेगी. इस पर नागेंद्रन ने उन्हें जवाब देते हुए कहा था कि राजनीति में कामयाब होने के लिए पहले विजय को 'तृषा के घर से बाहर आने की जरूरत है.'
विजय पर हमला बोलते हुए लिया था तृषा का नाम
नागेंद्रन ने विजय को लेकर कहा था, 'जो छत पर भी नहीं चढ़ सकता, वो स्वर्ग पर चढ़ने का सपना देख रहा है. बेचारा आदमी, वो पूरी तरह से अनुभवहीन है. सबसे पहले, उसे अपने घर से बाहर निकलने की जरूरत है. पहले तृषा के घर से बाहर आओ, फिर कुछ हो सकता है.'
यह भी पढ़ें: 'विजय पहले तृषा के घर से बाहर निकलें', BJP नेता के बयान से गुस्से में एक्ट्रेस, कहा- ऐसी अपमानजनक बातें...
तृषा कृष्णन ने दी थी प्रतिक्रिया
तमिलनाडु बीजेपी प्रमुख के इस विवादित बयान पर एक्ट्रेस तृषा ने अपने कानूनी सलाहकार के जरिए जवाब दिया था. एक बयान में कहा गया था, मेरे क्लाइंट ने कभी उम्मीद नहीं की थी कि राज्य की राजनीति में ऊंचा स्थान रखने वाला व्यक्ति उन पर इस तरह की अनुचित टिप्पणी करेगा. वो चाहती हैं कि उन्हें सिर्फ उनके काम से जाना जाए और उनका नाम उनसे असंबंधित मामलों में न घसीटा जाए.
अनघा