कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि असम और पश्चिम बंगाल में चुनाव चोरी किए गए हैं. उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने चुनाव आयोग के सहयोग से इन राज्यों में जीत हासिल की.
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, 'असम और बंगाल, ये साफ उदाहरण हैं कि कैसे BJP ने EC के सहयोग से चुनाव चुराया है. हम ममता जी से सहमत हैं. बंगाल में 100 से ज़्यादा सीटें चुराई गईं.'
उन्होंने आगे कहा कि यह कोई नई बात नहीं है और इससे पहले भी ऐसा 'प्लेबुक' देखा जा चुका है. उन्होंने मध्य प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र और 2024 के लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि इसी तरह के आरोप पहले भी सामने आ चुके हैं.
राहुल गांधी ने आगे लिखा, 'चुनाव चोरी, संस्था चोरी... अब और चारा ही क्या है!'
उनकी यह प्रतिक्रिया ममता बनर्जी के उस बयान के बाद आई है, जिसमें उन्होंने पश्चिम बंगाल में BJP की प्रचंड जीत को अनैतिक बताया था. ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि राज्य में 100 से ज्यादा सीटों पर जनादेश लूटा गया है. भवानीपुर विधानसभा सीट के काउंटिंग सेंटर से बाहर निकलते हुए ममता ने कहा, 'हम वापसी करेंगे.'
अखिलेश ने भी लगाए गंभीर आरोप
यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने भी ममता बनर्जी का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, 'अब क्या सत्ताधारी राजनीति को पाताल से भी नीचे ले जाएंगे. देश के राजनीतिक इतिहास का ये एक घनघोर काला दिन है. आज पूरा देश आक्रोशित है और लोकतंत्र व्यथित. चुनावी व्यवस्था के नाम पर केंद्रीय बलों का जो दुरुपयोग मतगणना में आज बंगाल में हुआ है, ठीक वैसा ही घपला 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव में अधिकांश जगह किया गया था, जिसकी साक्षात गवाह कन्नौज की विधानसभाएं थीं. फिर इसी निंदनीय मॉडल को फर्रुखाबाद के 2024 लोकसभा चुनाव में दोहराया गया था.'
aajtak.in