हार के बाद TMC प्रत्याशी सोमनाथ का विरोध, BJP कार्यकर्ताओं ने की गाली-गलौज- VIDEO

पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के जगद्दल में चुनावी हार के बाद TMC उम्मीदवार सोमनाथ श्याम को विरोध का सामना करना पड़ा. बैरकपुर के मतगणना केंद्र के बाहर BJP कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेरकर गाली-गलौज की. इस दौरान TMC और BJP समर्थकों में झड़प भी हुई. जिसके बाद पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया.

Advertisement
हार के बाद काउंटिंग सेंटर से टीएमसी प्रत्याशी को लेकर जाते अधिकारी. (Photo: Screengrab) हार के बाद काउंटिंग सेंटर से टीएमसी प्रत्याशी को लेकर जाते अधिकारी. (Photo: Screengrab)

aajtak.in

  • उत्तर 24-परगना,
  • 05 मई 2026,
  • अपडेटेड 12:02 PM IST

पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में स्थित जगद्दल विधानसभा क्षेत्र में चुनावी नतीजों के बाद तनाव का माहौल देखने को मिला. यहां तृणमूल कांग्रेस (TMC) के उम्मीदवार सोमनाथ श्याम को हार का सामना करने के बाद विरोध का सामना करना पड़ा. यह घटना बैरकपुर स्थित राष्ट्रगुरु सुरेंद्रनाथ कॉलेज के बाहर बने मतगणना केंद्र के पास हुई, जहां बड़ी संख्या में राजनीतिक कार्यकर्ता मौजूद थे.

Advertisement

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही चुनाव परिणाम स्पष्ट हुए और सोमनाथ श्याम मतगणना केंद्र से बाहर निकले, वहां मौजूद कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेर लिया. आरोप है कि इस दौरान उनके साथ गाली-गलौज की गई. जिससे माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया. स्थिति को देखते हुए सुरक्षाबलों को तुरंत हस्तक्षेप करना पड़ा.

एहतियात के तौर पर की गई पुलिस फोर्स की तैनाती
घटना के दौरान सोमनाथ श्याम का काफिला कुछ समय के लिए सड़क पर ही रुक गया. सुरक्षा बलों ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए कड़ी मशक्कत की. इस बीच भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी हुई, जिसमें कुछ लोगों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की खबरें सामने आई हैं. हालांकि, किसी के गंभीर रूप से घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है.

पुलिस और प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तुरंत अतिरिक्त बल तैनात किया. अधिकारियों ने बताया कि हालात को जल्द ही काबू में कर लिया गया और किसी भी तरह की बड़ी हिंसा को टाल दिया गया. क्षेत्र में एहतियात के तौर पर पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है ताकि आगे किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके.

Advertisement

प्रशासन ने लोगों से की शांति बनाए रखने की अपील
इस घटना ने एक बार फिर पश्चिम बंगाल में चुनावी प्रक्रिया के दौरान और उसके बाद होने वाले राजनीतिक तनाव की ओर ध्यान आकर्षित किया है. राज्य में अक्सर चुनाव परिणामों के बाद राजनीतिक दलों के समर्थकों के बीच टकराव की घटनाएं सामने आती रही हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है.

प्रशासन ने सभी राजनीतिक दलों से शांति बनाए रखने की अपील की है. अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. इस बीच स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर मिश्रित प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. कुछ लोगों ने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताया. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement