देश के पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियां तेज हो गई हैं और चुनाव आयोग इस वक्त पूरी तरह एक्टिव मोड में है. जमीनी हालात जानने और तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपनी टीम के साथ गुरुवार से केरल के दौरे पर हैं. माना जा रहा है कि इस दौरे के बाद 15 मार्च तक चुनाव की तारीखों का एलान हो सकता है.
केरल में दो दिन तक चलेंगी अहम बैठकें
चुनाव आयोग की हाई-लेवल टीम गुरुवार रात केरल पहुंच गई है. अब 6 और 7 मार्च को आयोग वहां कई अहम बैठकों में हिस्सा लेगा. मुख्य चुनाव आयुक्त के साथ चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विनीत जोशी भी राज्य के दौरे पर हैं.
ये अधिकारी राज्य की सभी छोटी-बड़ी राजनीतिक पार्टियों के नेताओं से मुलाकात करेंगे और चुनाव को लेकर उनकी राय जानेंगे. इसके साथ ही राज्य के मुख्य सचिव, सभी जिलों के कलेक्टर और SP के साथ भी बैठक होगी, ताकि सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की जा सके.
यह भी पढ़ें: केरल विधानसभा चुनाव: तिरुवनंतपुरम में आज जुटेगी कांग्रेस चुनाव समिति, टिकटों और सीटों पर महामंथन
इन मुद्दों पर होगी चर्चा
चुनाव आयोग की टीम इन बैठकों में कई अहम मुद्दों पर चर्चा करेगी. जैसे पिछली बार चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति कैसी रही थी. आने वाले दिनों में कोई बड़ा त्योहार या स्कूल-कॉलेज की परीक्षाएं तो नहीं हैं. इसके अलावा खेती का सीजन और मौसम की स्थिति पर भी विचार किया जाएगा. साथ ही ईवीएम (EVM) मशीनों की उपलब्धता और चुनाव में ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों की संख्या जैसे मुद्दों पर भी चर्चा होगी.
केरल के बाद बंगाल जाएगा चुनाव आयोग
केरल का दौरा पूरा करने के बाद चुनाव आयोग की टीम 8 मार्च को पश्चिम बंगाल पहुंचेगी. बंगाल का यह दौरा 10 मार्च तक चलेगा. वहां भी टीम राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों और राजनीतिक दलों के साथ बैठक करेगी. आपको बता दें कि आयोग पहले ही असम, तमिलनाडु और पुदुच्चेरी का दौरा कर चुका है. अब पश्चिम बंगाल का दौरा इस पूरी प्रक्रिया का आखिरी चरण माना जा रहा है.
यह भी पढ़ें: वोट के लिए खजाना खुला... बंगाल से तमिलनाडु तक चुनावी कैंपेन कैश बेनिफिट स्कीम भरोसे
15 मार्च तक आ सकता है चुनावी शेड्यूल
जैसे ही चुनाव आयोग की टीम 10 मार्च को दिल्ली लौटेगी, उसके बाद कभी भी चुनाव की तारीखों की घोषणा हो सकती है. माना जा रहा है कि 15 मार्च तक चार राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश पुदुच्चेरी के विधानसभा चुनाव का पूरा शेड्यूल जारी किया जा सकता है. संभावना है कि असम और पश्चिम बंगाल में दो से तीन चरणों में मतदान कराया जाएगा, जबकि तमिलनाडु, केरल और पुदुच्चेरी में हमेशा की तरह एक ही चरण में वोटिंग हो सकती है.
संजय शर्मा