Exit Polls: हिमंता जमे, थलपति विजय की एंट्री... जानें चार राज्यों में कौन है CM पद की पहली पसंद

एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल में असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी के चुनावी नतीजों की तस्वीर साफ होती दिख रही है. असम में एनडीए की बढ़त, केरल में यूडीएफ की वापसी, तमिलनाडु में विजय का उभार और पुडुचेरी में एनडीए की बढ़त के संकेत मिले हैं.

Advertisement
हिमंता बिस्वा सरमा, विजय, पिनाराई विजयन और एन. रंगास्वामी (दाहिने से बाएं). (File Photos: PTI) हिमंता बिस्वा सरमा, विजय, पिनाराई विजयन और एन. रंगास्वामी (दाहिने से बाएं). (File Photos: PTI)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 29 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 10:20 PM IST

पश्चिम बंगाल में 29 अप्रैल को दूसरे चरण का मतदान के साथ विधानसभा का चुनाव समाप्त हो गया. इसके साथ ही सर्वे एजेंसियों ने बंगाल समेत 4 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनाव के एग्टिज पोल के अनुमान जारी कर दिए हैं. बता दें कि बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में विधानसभा के चुनाव हुए हैं, जिनके आधिकारिक नतीजे निर्वाचन आयोग 4 मई को एक साथ जारी करेगा.

Advertisement

एग्जिट पोल मतदान के तुरंत बाद किए जाने वाले सर्वेक्षण होते हैं, जिनमें मतदाताओं से पूछा जाता है कि उन्होंने किसे वोट दिया और सर्वे एजेंसियां ​​इसी आधार पर संभावित नतीजों का अनुमान लगाती हैं. आजतक पर भी असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी के चुनावों को लेकर एक्सिस माय इंडिया (Axis My India) एग्टिज पोल के आंकड़े प्रसारित किए गए हैं. यह सर्वे एजेंसी पश्चिम बंगाल चुनाव का एग्जिट पोल 30 अप्रैल को जारी करेगी.

एक्सिस माय इंडिया ने चार राज्यों के अपने एग्जिट पोल में किस पार्टी या गठबंधन की सरकार बनने जा रही है इसके साथ-साथ मुख्यमंत्री पद के लिए लोगों की पसंद के बारे में भी सर्वे किया है. इस सर्वे के मुताबिक असम में हिमंता बिस्वा सरमा सीएम पद के लिए 42% लोगों की पसंद हैं, वहीं कांग्रेस नेता गौरव गोगोई को 32% लोगों ने सीएम पद के लिए अपनी पहली पसंद बताया है. 

Advertisement

असम में हिमंता CM पद की पहली पसंद

एक्सिस माय इंडिया के ​एग्टिज पोल के मुताबिक असम में बीजेपी के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) जीत की हैट्रिक लगाने जा रहा है. एनडीए को 88-100 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि कांग्रेस 24-36 सीटों तक सिमट सकती है. अन्य को 0-3 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है. बता दें कि असम में विधानसभा की 126 सीटों के लिए 9 अप्रैल को एक चरण में चुनाव संपन्न हुआ था. असम में 2016 से बीजेपी नीत एनडीए सत्ता में है.

केरल में विजयन CM पद की पहली पसंद

एक्सिस माय इंडिया के सर्वे के मुताबिक केरल में पिनाराई विजयन मुख्यमंत्री पद के लिए लोगों की पहली पसंद बने हुए हैं. सर्वे में 33% लोग फिर से विजयन को केरल के मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं. एक्सिस माय इंडिया के सर्वे के मुताबिक कांग्रेस नेता और केरल विधानसभा में लीडर ऑफ अपोजिशन वी.डी. सतीशन सीएम पद के लिए 22% लोगों की पहली पसंद हैं. हालांकि, केरल चुनाव के एग्जिट पोल में विजयन अपनी कुर्सी गंवाते दिख रहे हैं.

एक्सिस माय इंडिया के एग्टिल पोल के मुताबिक केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) सत्ता में वापसी करने जा रहा है और विजयन की पार्टी सीपीआईएम के नेतृत्व वाला लेफ्ट डेमो​क्रेटिक फ्रंट (LDF) को हार मिलने की संभावना है. एक्सिस माय इंडिया ने केरल में यूडीएफ को 78-90 सीटें मिलने का अनुमान जताया है, वहीं एलडीएफ के 49-62 सीटें जीतने की संभावना है. अन्य के खाते में 0-3 सीटें जा सकती हैं. बता दें कि केरल में विधानसभा की 140 सीटें हैं.

Advertisement

TN में विजय मुख्यमंत्री पद की पहली पसंद

एक्सिस माय इंडिया के एग्टिज पोल में तमिलनाडु चुनाव में बड़ा उलटफेर होता दिख रहा है. यहां नेता से अभिनेता बने विजय का जादू चलने की संभावना जताई गई है. एक्सिस माय इंडिया के एग्टिज पोल में पहली बार चुनाव लड़ रही विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) को 98-120 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है. वहीं एमके स्टालिन के नेतृत्व वाली द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) के 92-110 सीटें जीतने की संभावना जताई गई है. अन्ना द्रमुक (AIADMK) को 22 से 32 सीटें मिल सकती हैं. तमिलनाडु विधानसभा में 234 सीटें हैं. 

तमिलनाडु में अगर मुख्यमंत्री पद के लिए पसंद की बात करें तो एक्सिस माय इंडिया के सर्वे के मुताबिक विजय, एमके स्टालिन से आगे हैं. सर्वे के मुताबिक 37% लोगों ने विजय को तमिलनाडु के सीएम के तौर पर अपनी पहली पसंद बताया है. वहीं 35% लोगों ने एमके स्टालिन को मुख्यमंत्री पद के लिए अपनी पहली पसंद के तौर पर चुना है. एक्सिस माय इंडिया के सर्वे में एआईडीएमके नेता पलानीस्वामी सीएम पद के लिए 22% लोगों की पहली पसंद हैं. 

पुडुचेरी में रंगास्वामी CM पद की पहली पसंद

एक्सिस माय इंडिया (Axis My India) के एग्जिट पोल के मुताबिक पुडुचेरी में ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रितक गठबंधन (NDA) की सरकार बनती हुई दिख रही है. एनडीए को 40% वोट शेयर के साथ 16 से 20 सीटें मिलने का अनुमान है. वहीं डीएमके और कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडिया ब्लॉक को 30% वोट शेयर के साथ 6 से 8 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि अन्य के खाते में 3 से 7 सीटें जा सकती हैं. एक्सिस माय इंडिया के सर्वे के मुताबिक पुडुचेरी में ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस के नेता एन. रंगास्वामी मुख्यमंत्री पद के लिए 42% लोगों की पहली पसंद हैं. टीवीके प्रमुख विजय सीएम पद के लिए 17% लोगों की पहली पसंद हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement