भोपाल में ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार उलझता जा रहा है. अब इस केस में नए खुलासे सामने आए हैं, जिन्होंने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. 'आज तक' के पास ट्विशा और उसकी मां के बीच हुई व्हाट्सएप चैट मौजूद है. इन चैट्स में ट्विशा बेहद परेशान और डरी हुई दिखाई दे रही है. बताया जा रहा है कि ये बातचीत उसकी मौत से करीब पांच दिन पहले की है.
व्हाट्सएप चैट के मुताबिक, 7 मई को ट्विशा ने अपनी मां को कई मैसेज भेजे थे. इन संदेशों में उसने ससुराल वालों के व्यवहार को लेकर नाराजगी जताई थी. ट्विशा ने लिखा था कि वह बहुत परेशान है और घर का माहौल उसके लिए बेहद खराब हो चुका है. उसने यह भी कहा कि परिवार के लोग उस पर शक करते हैं और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है.
ट्विशा ने अपनी मां को भेजे एक मैसेज में लिखा, 'बहुत परेशान हूं… ये लोग बहुत घटिया हैं.' उसने आरोप लगाया कि उसका पति समर्थ सिंह उसके चरित्र पर सवाल उठाता था. चैट के अनुसार, ट्विशा ने लिखा कि समर्थ उससे पूछता था कि उसके पेट में पल रहा बच्चा किसका है. इस मैसेज ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है.
इसी बातचीत में ट्विशा ने अपनी मां से उसे वहां से ले जाने की गुहार भी लगाई थी. उसने लिखा, 'मुझे यहां से आकर ले जाओ… ये लोग मुझे जीने नहीं देंगे.' चैट में कई जगह ट्विशा ने खुद को मानसिक रूप से टूटा हुआ बताया. उसने एक संदेश में यह भी लिखा कि उसका जीवन नरक बन चुका है और वह अब इस माहौल में नहीं रह सकती.
ट्विशा ने अपनी मां को यह भी बताया कि ससुराल वाले उसके साथ अच्छा व्यवहार नहीं करते थे. उसने लिखा कि परिवार के लोग बहुत निर्दयी हैं और पति समर्थ उससे ठीक से बात तक नहीं करता. इन चैट्स के सामने आने के बाद पुलिस जांच में नया मोड़ आ गया है. अब इन संदेशों को भी जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है.
इस बीच मामले में ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह ने कोर्ट में जमानत के लिए आवेदन दिया है. जमानत अर्जी में उन्होंने कई चौंकाने वाले दावे किए हैं. आवेदन में कहा गया है कि 12 मई 2026 की रात करीब 10 बजे ट्विशा शर्मा ने अपने घर की छत पर सरिये से फांसी लगाकर आत्महत्या की थी. उन्होंने यह भी बताया कि ट्विशा और समर्थ सिंह की शादी 9 दिसंबर 2025 को दिल्ली में हुई थी, जो एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए तय हुई थी.
जमानत आवेदन में गिरिबाला सिंह ने कहा कि ट्विशा शादी से पहले फिल्म अभिनेत्री और मॉडल के तौर पर काम कर चुकी थी. उन्होंने तेलुगु समेत कई भाषाओं की फिल्मों में अभिनय किया था और विज्ञापनों में भी नजर आई थीं. शादी के समय वह दिल्ली की एक प्राइवेट कंपनी में वर्क फ्रॉम होम कर रही थीं. सास का दावा है कि शादी के बाद परिवार को ट्विशा के व्यवहार पर शक होने लगा था.
गिरिबाला सिंह ने कोर्ट में आरोप लगाया कि ट्विशा ड्रग्स लेती थी. आवेदन में कहा गया कि अगर वह कुछ समय तक ड्रग्स नहीं ले पाती थी तो उसके हाथ कांपने लगते थे और वह चिड़चिड़ी हो जाती थी. सास ने दावा किया कि उन्होंने इस बारे में ट्विशा के पिता से भी बात की थी, जहां उन्हें पता चला कि वह ड्रग्स लेती थी. हालांकि इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
आवेदन में यह भी कहा गया कि 17 अप्रैल 2026 को ट्विशा को पहली बार अपने गर्भवती होने की जानकारी मिली थी. उसी दिन वह अपने पति समर्थ सिंह के साथ हजेला अस्पताल गई थी. सास का कहना है कि गर्भावस्था की जानकारी मिलने के बाद ट्विशा का व्यवहार और ज्यादा तनावपूर्ण हो गया था. अस्पताल से लौटने के बाद उसने अपना सामान पैक किया और कहा कि वह नोएडा वापस जाना चाहती है, क्योंकि अब वह 'घरेलू महिला का नाटक' नहीं कर सकती.
सास के मुताबिक, 17 अप्रैल को घर छोड़ने के बाद ट्विशा अगले दिन फ्लाइट से दिल्ली पहुंची थी, लेकिन वह सीधे अपने घर नहीं गई. आवेदन में दावा किया गया है कि उसने घर पहुंचने में देरी की और इसका कोई स्पष्ट कारण भी नहीं बताया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. एक तरफ ट्विशा के व्हाट्सएप मैसेज हैं, तो दूसरी ओर ससुराल पक्ष के आरोप. ऐसे में अब सबकी नजर जांच एजेंसियों और कोर्ट की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है.
इस मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी पति समर्थ सिंह पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है. डीसीपी ज़ोन-2 की ओर से इनाम घोषित करने का आदेश जारी किया गया है. पुलिस के मुताबिक, समर्थ सिंह की तलाश के लिए लगातार अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. मामले में जांच तेज कर दी गई है और पुलिस अब फरार आरोपी तक पहुंचने की कोशिश में जुटी हुई है.
रवीश पाल सिंह