ग्लोबल और एशियाई बाजार गुरुवार यानी आज खुले हुए हैं, लेकिन भारतीय शेयर बाजार बंद है. रामनवमी के कारण 26 मार्च को भारत के दोनों स्टॉक एक्सचेंज बंद हैं. ऐसे में निवेशकों ने राहत की सांस ली है, क्योंकि बाकी शेयर बाजारों में भारी गिरावट देखने को मिली है.
देर रात अमेरिकी बाजार में तेजी के बाद आई गिरावट ने ग्लोबल सेंटिमेंट को बदल दिया है, जिस कारण बाकी एशियाई बाजारों में गिरावट जारी है. S&P 0.43 फीसदी या 28 अंक टूटकर बंद हुआ. डाऊ फ्यूचर भी 163 अंक की गिरावट का संकेत दे रहा है.
एशियाई मार्केट में भी भारी गिरावट देखी जा रही है. जापान का निक्केई 145 अंक या 0.37 फीसदी गिरकर 53,600 पर है. ताइवान मार्केट हैंगसेंग में 2 फीसदी से ज्यादा या 500 अंकों से ज्यादा की गिरावट आई है. साउथ कोरिया का मार्केट KOSPI 3.22 फीसदी गिरा है. इसके अलावा, ब्रिटेन, यूरोप और अन्य मार्केट भी दबाव में हैं. इसका मतलब है कि ग्लोबल स्तर पर शेयर बाजारों में गिरावट हावी है.
यह स्थिति देखने के बाद भारतीय शेयर बाजार के निवेशकों ने राहत की सांस ली है. हालांकि गिफ्ट निफ्टी 150 अंकों की गिरावट का संकेत दे रहा है, जो मार्केट में दबा का संकेत है.
क्यों टूट रहे हैं शेयर बाजार?
ग्लोबल और एशियाई शेयर बाजारों में गिरावट तब हावी हुई है, जब ईरान ने अमेरिका के 15 शर्तों वाले युद्ध विराम प्रस्ताव को ठुकरा दिया है और कहा है कि हम किसी के कहने पर समझौता नहीं करेंगे. हम अपनी शर्तों पर वॉर को रोकेंगे. इस बयान के साथ ही ईरान ने कई मिसाइलें दागी. ऐसे में वॉर की स्थिति फिर बढ़ती नजर आ रही है.
इसी कारण, कच्चे तेल के दाम में भी तेजी देखी गई है. WTI क्रूड ऑयल 2.80% चढ़कर 93 डॉलर प्रति बैरल पर है और ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमत 2.59% चढ़कर 100 डॉलर के करीब पहुंच गया है. इस तेजी के कारण शेयर बाजारों में गिरावट नजर आ रही है.
कल शेयर बाजार में शानदार मुनाफा
गौरतलब है कि भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को शानदार तेजी देखने को मिली थी. सेंसेक्स 1200 अंक चढ़कर 75200 के पार पहुंच गया था, जबकि निफ्टी करीब 400 अंक चढकर 23,300 के ऊपर बंद हुआ था. इस तेजी के कारण निवेशकों ने करीब 9 लाख करोड़ की कमाई की थी.
आजतक बिजनेस डेस्क