बुधवार को शेयर बाजार (Stock Market) में तूफानी तेजी देखने को मिल रही है, सेंसेक्स-निफ्टी तेज रफ्तार के साथ भाग रहे हैं, लेकिन इस बढ़त के बीच भी सोलर एनर्जी सेक्टर से जुड़ी तमाम कंपनियों के शेयर क्रैश (Solar Stock Crash) नजर आ रहे हैं. इनमें कोई खुलने के साथ ही 15% बिखर गया, तो कोई 5% या इससे ज्यादा की गिरावट लेकर कारोबार कर रहे हैं. इन शेयरों में भगदड़, दरअसल अमेरिका से आई एक खबर के बाद देखने को मिली है, जहां ट्रंप प्रशासन (Donald Trump Administration) वे सोलर प्रोडक्ट आयात पर भारी टैरिफ लगाया है.
US में ऐसा क्या हुआ, बिखरे शेयर?
सबसे पहले बताते हैं कि आखिर अमेरिका में ऐसा क्या हुआ, जिसके असर से भारतीय शेयर बाजार में सोलर एनर्जी सेक्टर के इन दिग्गज शेयरों में अचानक भारी गिरावट आई है. तो बता दें, कि डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) को टैरिफ पर अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट से मिली हार के बाद टैरिफ अटैक (Trump Tariff Attack) का नया सिलसिला शुरू किया है. जहां एक ओर उन्होंने 15% ग्लोबल टैरिफ लगाया है, तो वहीं अब भारत समेत इंडोनेशिया और लाओस जैसे देशों से आयातित सोलर एनर्जी प्रोडक्ट पर भारी इंपोर्ट ड्यूटी लगाई है. भारत पर ये 126% प्रारंभिक आयात शुल्क तय किया गया है.
जिसका पहले से डर था, वह हुआ
डोनाल्ड ट्रंप के इस टैरिफ बम (Trump Tariff Bomb) का असर भारतीय शेयरों पर दिखने का अनुमान पहले से ही जाहिए किया जा रहा था, खासतौर पर इस सेक्टर की उन कंपनियों के स्टॉक्स पर, जिनका निर्यात अमेरिका को अधिक है. इनमें कुछ शेयरों की बात करें, तो...
Waaree Energies Share: वारी एनर्जीज के शेयर पर ट्रंप के इस टैरिफ बम का बड़ा असर देखने को मिला है. इस कंपनी का अमेरिका में बड़ा कारोबार है और वहां मैन्युफैक्चरिंग यूनिट भी मौजूद है. इसके अलावा कंपनी भारत से सोलर मॉड्यूल भी अमेरिका को एक्सपोर्ट करती है. यानी कंपनी के रेवेन्यू का बड़ा हिस्सा अमेरिका से आता है और 126% टैरिफ ने चिंता बढ़ा दी है. शेयर की बात करें, तो Waree Energies Share बुधवार को पिछले बंद 3040 रुपये के मुकाबले बड़ी गिरावट लेकर 2819 रुपये पर खुला और फिर करीब 15% फिसलकर 2,570 रुपये पर आ गया. इसका मार्केट कैप भी गिरकर 77,200 करोड़ रुपये रह गया.
Premier Energies Share: शेयर बाजार में तेजी के बावजूद तेज गिरावट लेकर कारोबार करने वाला अगला एनर्जी स्टॉक प्रीमियर एनर्जीज लिमिटेड का स्टॉक है, जो अपने पिछले बंद भाव 782 रुपये की तुलना में गिरावट के साथ 699.35 रुपये पर ओपन हुआ और फिर अचानक बुरी तरह फिसलता चला गया. ये 10% से ज्यादा टूटकर 666 रुपये के लेवल तक आ गया. कंपनी की मार्केट वैल्यू भी टूटकर 32,960 रुपये पर आ गई. बता दें कि इस कंपनी की ऑर्डर बुक भी अमेरिकी आयात पर कुछ हद तक निर्भर है और टैरिफ की खबर के बाद इसमें उतार-चढ़ाव का अंदाजा पहले से लगाया जा रहा था.
Vikram Solar Share: ट्रंप के टैरिफ अटैक का असर अन्य भारतीय कंपनियों के शेयरों पर भी दिखा है और इनमें एक विक्रम सोलर लिमिटेड भी शामिल है. बुधवार को शेयर बाजार में कारोबार शुरू होने पर Vikram Solar Stock अपने पिछले बंद 185.99 रुपये की तुलना में गिरकर 178.50 रुपये पर ओपन हुआ और फिर फिसलते हुए करीब 7% गिरकर 171 रुपये पर आ गया. इस कंपनी के लिए भी अमेरिका एक बड़ा मार्केट है. इनके अलावा इस सेक्टर की दूसरी कंपनियों के शेयरों में भी सुस्ती देखने को मिल रही है.
(नोट- शेयर बाजार में किसी भी तरह के निवेश से पहले अपने मार्केट एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें.)
आजतक बिजनेस डेस्क