तमिलनाडु विधानसभा इलेक्शन के नतीजों (Tamil Nadu Election Results 2026) ने सभी को चौंकाने का काम किया है. फिल्म जगत से राजनीति में एंट्री लेने वाले सुपरस्टार थलपति विजय की लहर में AIDMK और DMK जैसी दिग्गज पार्टियां बह गईं. डीएमके के चुनावी रण में पिछड़ने का सीधा असर सन टीवी नेटवर्क के शेयरों पर देखने को मिला है. जैसे-जैसे चुनाव नतीजे आते गए और डीएमके के कैंडिडेट्स पीछे होते गए, सन टीवी का शेयर भी देखते दी देखते क्रैश (Sun TV Share Crash) हो गया. कारोबार के दौरान ये करीब 10 फीसदी तक टूट गया. आइए जानते हैं आखिर इस गिरावट की वजह क्या है?
तमिलनाडु में थलपति विजय की लहर
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है. Thalapathy Vijay की पार्टी खबर लिखे जाने तक 109 दिनों पर आगे चल रही थी, तो डीएमके-AIDMK का बुरा हाल नजर आया. चुनाव आयोग के अनुसार 4 मई के चुनावी नतीजों में मुख्यमंत्री एमके स्टालिन कोलाथुर से चुनाव हार गए.
Sun TV की डीएमके से नाता
विजय की पार्टी TVK से पिछड़ने की खबर से डीएमके से संबद्ध सन टीवी के शेयर धड़ाम होने लगे. इसकी वजह ये है कि कलानिधि मारन द्वारा स्थापित सन टीवी नेटवर्क ऐतिहासिक रूप से द्रविड़ मुन्नेत्र कजगम यानी DMK पार्टी से संबद्ध है. Kalanithi Maran तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि के पोते हैं, जबकि उनके पिता मुरासोली मारन DMK के वरिष्ठ नेता और केंद्र सरकार में मंत्री भी रह चुके थे. इस तरह Sun TV का मालिकाना हक मारन परिवार के पास है, जो DMK के करुणानिधि परिवार का ही हिस्सा है.
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव नतीजे जारी होने की शुरुआत होने के साथ जैसे ही डाक मतपत्रों की गिनती पूरी हुई और विजय की तमिलगा वेट्री कजगम पार्टी डीएमके और एआईएडीएमके से आगे निकली, सन टीवी के शेयर बिखरने लगे. Sun TV Share अपने पिछले सप्ताह के बाद 609 रुपये की तुलना में फ्लैट खुले, लेकिन चुनावी रुझान आने के साथ ही ये गिरते हुए 548.10 रुपये के लो-लेवल पर आ गया. ये सन टीवी के शेयर में करीब 10 फीसदी के आसपास की गिरावट थी.
2024 के बाद देखी सबसे बड़ी गिरावट
अगस्त 2024 के बाद से Sun TV Stock में ये एक दिन में आई सबसे तेज गिरावट रही. डीएमके सरकार के दौरान अगर शेयर की चाल पर नजर डालें, तो ये 2023 को छोड़कर ज्यादातर सालों में टूटा ही है. 2023 में इस स्टॉक में 46 फीसदी की बढ़ोतरी देखने को मिली थी, जबकि 2021, 2022, 2024, 2025 में गिरावट में ही रहा है.
हालांकि, शेयर मार्केट में कारोबार बंद होने पर Sun TV Share में आई तेज गिरावट कुछ धीमी पड़ी, लेकिन फिर भी ये स्टॉक 5.38 फीसदी टूटकर 573 रुपये के लेवल पर क्लोज हुआ. शेयर टूटने की वजह से कंपनी का मार्केट कैपिटलाइजेशन भी घटा और ये गिरकर 22580 करोड़ रुपये रह गया.
(नोट- शेयर बाजार में किसी भी तरह के निवेश से पहले अपने मार्केट एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें.)
आजतक बिजनेस डेस्क