पिछले दो दिनों में शेयर बाजार ने तेजी दिखाई है, जिससे निवेशकों को नुकसान से थोड़ी राहत मिली है. दो दिनों से लगातार तेजी के कारण निफ्टी 23500 के ऊपर और सेंसेक्स 76,000 के ऊपर पहुंच चुका है, जबकि दो दिन पहले निफ्टी ने 23000 और सेंसेक्स ने 75000 का लेवल तोड़ा था. इसका मतलब है कि दो दिनों में सेंसेक्स में करीब 1500 और निफ्टी में करीब 400 पॉइंट्स से की तेजी आई है.
इन दो दिनों के दौरान निवेशकों को 3 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की रिकवरी हुई है, लेकिन अभी भी निवेशक भारी नुकसान में हैं. अब सवाल है कि क्या शेयर बाजार में गिरावट थम गई है और रिकवरी आएगी? या फिर निवेशकों को फिर से नुकसान उठाना पड़ सकता है. आइए विस्तार से समझने की कोशिश करते हैं.
भारतीय शेयर बाजार मंगलवार को लगातार दूसरे सत्र तेजी पर बंद हुआ. 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 567.99 अंक या 0.75 प्रतिशत बढ़कर 76,070.84 पर बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी50 172.35 अंक या 0.74 प्रतिशत बढ़कर 23,581.15 पर आ गया. इस तेजी के कारण निवेशकों को सिर्फ आज 2.7 लाख करोड़ का इजाफा हुआ है, जिस कारण बीएसई मार्केट कैपिटलाइजेशन 430.57 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 433.27 लाख करोड़ रुपये हो गया.
इन शेयरों ने तेजी को किया सपोर्ट
ICICI Bank, भारती एयरटेल लिमिटेड , लार्सन एंड टुब्रो (L&T), इटरनल लिमिटेड, महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M), टाटा स्टील, HDFC बैंक लिमिटेड, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL), एक्सिस बैंक लिमिटेड और मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड जैसे हैवीवेट शेयरों में तेजी ने शेयर बाजार में रिकवरी को सपोर्ट किया.
ये सेक्टर्स भी तेजी पर बंद
ऑटोमोबाइल, मेटल, बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज, कंज्यूमर, केमिकल्स और रियल एस्टेट शेयरों में खरीदारी देखी गई, जबकि आईटी और एफएमसीजी शेयरों में गिरावट दर्ज की गई. पूरा मार्केट भी मजबूत बना रहा, निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स में 1.02 प्रतिशत और निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 0.65 प्रतिशत की तेजी रही.
एक्सपर्ट्स ने क्या कहा?
वेल्थमिल्स सिक्योरिटीज के इक्विटी स्ट्रैटेजिस्ट क्रांति बाथिनी ने कहा कि बाजार इस समय बेहद अस्थिर है, निफ्टी की एक्सपायरी के दिन से यह अस्थिरता और भी बढ़ गई है. उन्होंने आगे कहा कि घरेलू बाजार में उछाल हाल ही में हुई भारी बिकवाली के बाद शॉर्ट कवरिंग के कारण है.
मास्टरट्रस्ट के रिसर्च अधिकारी रवि सिंह ने भी भारतीय शेयर बाजार में ज्यादा अस्थिरता पर फोकस किया, जिससे करेक्शन के फिर से शुरू होने की संभावना जताई गई और सेंसेक्स संभावित रूप से 75,200 के स्तर तक फिसल सकता है.
मौजूदा अनिश्चितता के बीच, जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के मुख्य निवेश रणनीतिकार वीके विजयकुमार ने निवेशकों को निवेशित रहने और एसआईपी जारी रखने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि घरेलू बाजार में आई तेजी के टिकने की संभावना नहीं है, क्योंकि कल तक विदेशी निवेशकों द्वारा 9,366 करोड़ रुपये की भारी बिकवाली हुई थी.
उन्होंने कहा कि शॉर्ट टर्म में विदेशी निवेशकों की बिकवाली जारी रहने की संभावना है, क्योंकि दक्षिण कोरिया और ताइवान जैसे अन्य बाजार विदेशी निवेशकों को बेहतर रिटर्न दे रहे हैं. इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि इन बाजारों में इनकम ग्रोथ संभावनाएं भारत की तुलना में अधिक मजबूत दिखती हैं.
(नोट- किसी भी शेयर में निवेश से पहले योग्य वित्तीय सलाहकार की मदद जरूर लें.)
आजतक बिजनेस डेस्क