अभिनेता रणबीर कपूर की आने वाली फिल्म 'रामायण' की इन दिनों खूब चर्चा है. खासकर टीजर जारी होने के बाद, रणबीर कपूर, फिल्म के डायरेक्टर और प्रड्यूसर की खूब चर्चा हो रही है. इस फिल्म से एक कंपनी का भी नाम जुड़ा है, जिसके शेयरों में रणबीर कपूर ने मोटा निवेश किया है. साथ ही इसके प्रड्यूसर का भी इस कंपनी से डायरेक्ट कनेक्शन है. यही कारण है कि शेयर बाजार में यह कंपनी 'धूम' मचा रही है. इस कंपनी का नाम प्राइम फोकस लिमिटेड है, जो इस फिल्म को प्रोड्यूस कर रही है.
इस कंपनी के शेयर एक साल से भी कम समय में मल्टीबैगर रिटर्न दे चुके हैं. फिल्म 'रामायण' को लेकर बढ़ती चर्चा के चलते पिछले एक साल में शेयर की कीमत लगभग तीन गुना हो गई है. इस फिल्म की वजह से प्रोडक्शन हाउस के प्रति निवेशकों का भरोसा बढ़ा है और निवेशकों ने खूब खरीदारी शुरू कर दी है.
अगर लॉन्गटर्म में देखें तो प्राइम फोकस के शेयर पिछले छह सालों में अपने निचले स्तर (लगभग 25 रुपये प्रति शेयर) से 1,300 प्रतिशत से अधिक बढ़ गए हैं, जबकि पिछले छह महीनों में निवेशकों को लगभग दोगुना लाभ हुआ है. साल 2026 तक शेयर में 46 प्रतिशत से अधिक की उछाल आई है, जबकि पिछले एक महीने में इसमें 21 प्रतिशत की तेजी रही है.
रणबीर कपूर का मोटा निवेश
खबरों के अनुसार, शेयरहोल्डर की ओर से इक्विटी जारी करने की मंजूरी के बाद, रणबीर कपूर ने जुलाई 2025 में 120 रुपये प्रति शेयर के भाव से 15 करोड़ रुपये में प्राइम फोकस के 12.5 लाख शेयर खरीदे थे. बुधवार को शेयर ने इंट्राडे में 350 रुपये का रिकॉर्ड हाई टच किया, लेकिन आखिर में 337.25 रुपये प्रति शेयर पर बंद हुआ. मौजूदा वैल्यूवेशन के अनुसार, रणबीर की हिस्सेदारी की कीमत 42.15 करोड़ रुपये है, जिससे एक साल से भी कम समय में 180 प्रतिशत का रिटर्न मिला है.
शेयर के इतना चढ़ने की असली वजह क्या है?
रणबीर कपूर और यश अभिनीत 'रामायण' एक लंबे समय से इंतजार वाली फिल्म है, जिसका निर्माण नमित मल्होत्रा ने किया है. नमित मल्होत्रा प्राइम फोकस के प्रमोटर भी हैं. 31 दिसंबर, 2025 तक, प्रमोटर्स के पास कंपनी में कुल 60.77 प्रतिशत हिस्सेदारी थी, जबकि अन्य निवेशकों के पास 39.23 प्रतिशत हिस्सेदारी थी.
नमित मल्होत्रा और उनकी मॉरीशस स्थित कंपनी ए2आर होल्डिंग्स के पास प्राइम फोकस में 55.15 प्रतिशत हिस्सेदारी थी, जबकि नरेश महेंद्रनाथ मल्होत्रा के पास 5.61 प्रतिशत हिस्सेदारी थी. म्यूचुअल फंड और बीमा कंपनियों समेत घरेलू संस्थानों के पास एक प्रतिशत से थोड़ी ज्यादा हिस्सेदारी थी, जबकि विदेशी निवेशकों के पास वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही तक 3.35 प्रतिशत से ज्यादा हिस्सा था.
गौरतलब है कि 31 दिसंबर 2025 तक के स्टॉक होल्डर्स के आंकड़े के अनुसार, 22,600 से ज्यादा रिटेल निवेशकों के पास कंपनी की 5.11 प्रतिशत हिस्सेदारी थी. प्रभु नरसिम्हन और उनकी फर्म नोवेटर कैपिटल एडवाइजर्स के पास कंपनी की 15.84 प्रतिशत हिस्सेदारी है. हालांकि, कंपनी ने जनवरी-मार्च 2026 के समय के लिए अभी तक अपना शेयर होल्डर पैटर्न फाइल नहीं किया है.
बड़े प्रोजेक्ट वाली फिल्म
दो भागों में रिलीज होने वाली 'रामायण' का डायरेक्शन नितेश तिवारी ने किया है और यह भारतीय सिनेमा की सबसे महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट्स में से एक मानी जा रही है. कुछ मीडिया रिपोर्टों के अनुसार इसका बजट लगभग 1,600 करोड़ रुपये है, जबकि अन्य रिपोर्टों में इसका बजट लगभग 4,000 करोड़ रुपये बताया गया है. फिल्म का पहला भाग दिवाली 2026 के आसपास रिलीज होने वाला है.
(नोट- किसी भी शेयर में निवेश से पहले योग्य वित्तीय सलाहकार की मदद जरूर लें.)
आजतक बिजनेस डेस्क