देश के सबसे अमीर इंसान मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) के छोटे भाई अनिल अंबानी (Anil Ambani) की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. प्रवर्तन निदेशालय ने 40,000 करोड़ रुपये के बैंक फ्रॉड जुड़े मामले में ये समन (ED Summons Anil Ambani) जारी किया है, क्योंकि बुधवार को वे इस सप्ताह निर्धारित तारीख को ईडी के सामने पेश नहीं हुए थे. इस खबर को असर अनिल अंबानी के नेतृत्व वाले रिलायंस ग्रुप की कंपनियों पर देखने को मिल रहा है.
26 फरवरी को ED ने किया तलब
40000 करोड़ रुपये के बैंक फ्रॉड से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में अनिल अंबानी को प्रवर्तन निदेशालय की ओर से एक नया समन जारी किया है और ईडी हेडक्वार्टर में पेश होने के लिए तलब किया है. इसके लिए 26 फरवरी की तारीख तय की गई है. रिपोर्ट के मुताबिक, अनिल अंबानी की पत्नी टीना अंबानी (Anil Ambani Wife Tina Ambani) ने भी दो बार सुनवाई स्थगित करने का अनुरोध किया है और ईडी के सामने पेश नहीं हुई हैं. हालांकि, उनके संबंध में अभी पेश के लिए नई तारीख से जुड़ी कोई जानकारी सामने नहीं आई है.
18 फरवरी थी पेशी की तारीख
गौरतलब है कि बीते साल जुलाई 2025 से शुरू हुई इस जांच में अनिल अंबानी अगस्त 2025 में एक बार ईडी के सामने पेश हुए थे. वहीं इस संबंध में पिछली सुनवाई 4 फरवरी को हुई थी. ईडी के अधिकारियों की मानें, तो सुनवाई के दौरान अदालत ने दंपति को धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत अलग-अलग बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया था. अनिल अंबानी को 18 फरवरी को तलब किया गया था, जबकि उनकी पत्नी टीना अंबानी को 17 फरवरी ईडी के हेडक्वार्टर में बुलाया गया था.
12000Cr की संपत्ति हो चुकी है जब्त!
रिपोर्ट्स की मानें तो अनिल अंबानी के रिलायंस ग्रुप के खिलाफ कथित बैंक धोखाधड़ी और उससे जुड़ी वित्तीय अनियमितताओं की जांच के लिए एक स्पेशल जांच टीम गठित की गई है और अब तक इस मामले में कार्रवाई करते हुए ईडी ने अनिल अंबानी और समूह की कंपनियों के करीब 12,000 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है.
समन की खबर का शेयर पर क्या असर?
बात करें, अनिल अंबानी को मिले ईडी के नए समय के बाद उनकी कंपनियों के शेयरों की परफॉर्मेंस के बारे में, तो इनमें सुस्ती देखने को मिली है. उनकी कंपनी रिलायंस इंफ्रा का शेयर (Reliance Infra Share) पिछले कारोबार बंद के मुकाबले 3% से ज्यादा उछलकर 114.48 रुपये पर पहुंच गया था, लेकिन फिर ये तेजी से फिसल गया और 106 रुपये के लेवल पर कारोबार करता नजर आया. उनकी इस कंपनी का मार्केट कैप 4490 करोड़ रुपये है.
वहीं दूसरी ओर Anil Ambani की रिलायंस पावर का शेयर (Reliance Power Share) भी गिरावट के साथ कारोबार करता नजर आया. खबर लिखे जाने तक ये अनिल अंबानी स्टॉक 2.30% टूटकर 26.80 रुपये पर ट्रेड कर रहा था और इसका मार्केट कैपिटल भी फिसलकर 11,110 करोड़ रुपये पर आ गया था.
(नोट- शेयर बाजार में किसी भी तरह के निवेश से पहले अपने मार्केट एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें.)
मुनीष पांडे