रौशन आनंद के भाई प्रिंस की हत्या का किसपर लगा आरोप? तेज प्रताप ने किया बड़ा दावा

पटना के चर्चित कोचिंग विवाद और नेपाल में प्रिंस यादव की संदिग्ध मौत ने नया राजनीतिक रंग ले लिया है. राजद नेता तेज प्रताप यादव ने खान सर पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि खान सर ने मामले में निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है.

Advertisement
खान सर पर तेज प्रताप का बड़ा आरोप (Photo: file photo) खान सर पर तेज प्रताप का बड़ा आरोप (Photo: file photo)

रोहित कुमार

  • पटना,
  • 15 जून 2026,
  • अपडेटेड 2:01 PM IST

बिहार में पटना के फैजल खान उर्फ खान सर से जुड़े चर्चित कोचिंग विवाद और ज्ञान बिंदु एकेडमी के निदेशक रौशन आनंद के छोटे भाई प्रिंस यादव की नेपाल में हुई संदिग्ध मौत का मामला अब राजनीतिक बहस का विषय बन गया है.

पुलिस कोचिंग संस्थानों के बीच हुए विवाद और फायरिंग प्रकरण और फिर एकाएक प्रिंस की मौत की जांच में जुटी है. इस बीच लालू प्रसाद के बड़े बेटे और जेजेडी सुप्रीमो तेज प्रताप यादव ने खान सर पर गंभीर आरोप लगा दिए है.

Advertisement

तेज प्रताप ने लगाए गंभीर आरोप

ज्ञान बिंदु के निदेशक रौशन आनंद के छोटे भाई प्रिंस यादव की नेपाल के एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी. इस घटना के बाद परिजनों और समर्थकों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है. कोचिंग विवाद में जेल में बंद रौशन आनंद हाल ही में अदालत से जमानत मिलने के बाद अपने भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए सहरसा पहुंचे हैं.

इसी बीच तेज प्रताप यादव ने एक बयान में कहा कि ये बहुत दुखद घटना है. उन्होंने दावा किया कि प्रिंस यादव की मौत के लिए खान सर की भूमिका की जांच होनी चाहए और कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए. तेज प्रताप के इस बयान के बाद मामला और अधिक चर्चा में आ गया.

खान सर ने प्रिंस की मौत पर जताया दुख

Advertisement

हालांकि खान सर ने इससे ठीक पहले  एक वीडियो संदेश जारी कर प्रिंस यादव की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया था और इसे बेहद संवेदनशील एवं दुखद घटना बताया. खान सर ने कहा था कि सच्चाई सामने लाने के लिए मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए. उन्होंने रौशन आनंद और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में वह उनके साथ खड़े हैं और हर संभव सहायता देने को तैयार हैं. खान सर ने यह भी कहा कि किसी व्यक्ति के साथ ऐसी घटना नहीं होनी चाहिए, चाहे वह उसका सबसे बड़ा विरोधी ही क्यों न हो.

अपने बयान में खान सर ने घटना की परिस्थितियों पर सवाल भी उठाए. उन्होंने जांच एजेंसियों से अपील की कि घटना के समय प्रिंस यादव के साथ मौजूद लोगों और उनके संपर्कों की गहराई से जांच की जाए, ताकि किसी संभावित साजिश या अन्य पहलू का भी खुलासा हो सके.

फिलहाल प्रिंस यादव की मौत की गुत्थी पूरी तरह नहीं सुलझी है. परिजन, समर्थक और विभिन्न सामाजिक संगठन निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं. वहीं पुलिस और संबंधित एजेंसियों की जांच पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं.

पटना का कोचिंग विवाद

दरअसल, प्रिंस की मौत से भी पहले पूरे विवाद की शुरुआत 2 जून की रात हुई थी, जब खान ग्लोबल स्टडीज के परिसर में हमला और मारपीट की घटना सामने आई थी. KGS के संचालक फैजल खान ने आरोप लगाया था कि ज्ञान बिंदु के निदेशक रौशन आनंद ने हमला करवाया और फायरिंग भी कराई. इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर रौशन आनंद समेत अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की थी. बाद में रौशन आनंद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था. इस बीच नेपाल में रौशन के भाई की संदिग्ध मौत से हलचल मच गई.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »