ट्रेन खुलते ही दौड़कर चढ़ने लगा यात्री, फिसलकर प्लेटफार्म पर गिरा... RPF ने सेकंडों में खींचकर बचाई जान

बेगूसराय रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश में एक यात्री प्लेटफार्म पर गिर पड़ा. घटना शुक्रवार सुबह भागलपुर–जयनगर एक्सप्रेस के प्रस्थान के दौरान हुई. मौके पर तैनात RPF उप-निरीक्षक संजय कुमार सहनी ने तुरंत दौड़कर यात्री को ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच जाने से बचा लिया. घायल यात्री की पहचान भागलपुर निवासी अजीत कुमार के रूप में हुई है.

Advertisement
घटना CCTV में कैद.(Photo: Sourabh Kumar/ITG) घटना CCTV में कैद.(Photo: Sourabh Kumar/ITG)

सौरभ कुमार

  • बेगूसराय,
  • 06 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 5:26 PM IST

बेगूसराय रेलवे स्टेशन पर ट्रेन खुलने के बाद दौड़कर चढ़ने का प्रयास कर रहा एक यात्री प्लेटफार्म पर गिर पड़ा. हालांकि मौके पर मौजूद RPF जवानों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया और यात्री की जान बचा ली गई.

घटना के दौरान युवक को सिर में चोट भी लगी. पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि ट्रेन के चलने के बाद एक युवक प्लेटफार्म के स्टॉल से दौड़ते हुए आता है और चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास करता है, लेकिन संतुलन बिगड़ने से वह प्लेटफार्म पर गिर जाता है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: 4 पिस्टल, 8 मैगजीन और... बेगूसराय में हथियारों की खेप के साथ मुंगेर के दो तस्कर गिरफ्तार

RPF जवानों ने दौड़कर बचाई जान

यात्री को गिरते देख प्लेटफार्म पर ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी तुरंत सक्रिय हो गए. मौके पर मौजूद RPF के उप-निरीक्षक संजय कुमार सहनी ने तेजी दिखाते हुए दौड़कर यात्री को पकड़ लिया और उसे ट्रेन व प्लेटफार्म के बीच जाने से बचा लिया. उनकी सतर्कता से संभावित बड़ा हादसा टल गया.

जानकारी के अनुसार, भागलपुर–जयनगर एक्सप्रेस सुबह 10:31 बजे बेगूसराय रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-1 पर पहुंची थी. निर्धारित समय 10:34 बजे ट्रेन स्टेशन से प्रस्थान करने लगी. इसी दौरान एक यात्री दौड़ते हुए ट्रेन के पास पहुंचा और चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास करने लगा, तभी उसका संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफार्म पर गिर पड़ा.

Advertisement

घायल यात्री को ट्रेन में बैठाकर भेजा गया आगे

घटना में घायल यात्री की पहचान भागलपुर जिले के निवासी 44 वर्षीय अजीत कुमार के रूप में हुई है. अजीत कुमार नवगछिया से समस्तीपुर की यात्रा कर रहे थे. बेगूसराय स्टेशन पर ट्रेन रुकने के दौरान वह प्लेटफार्म के स्टॉल से कुछ सामान खरीदने के लिए नीचे उतरे थे.

देखें वीडियो...

इसी बीच ट्रेन खुल गई और जल्दबाजी में चढ़ने की कोशिश के दौरान वह गिर पड़े. गिरने से उनके माथे पर हल्की चोट आई. RPF कर्मियों ने तुरंत वॉकी-टॉकी के जरिए ट्रेन को रुकवाया और घायल यात्री को गार्ड बोगी में बैठाकर आगे की यात्रा के लिए भेज दिया.

RPF ने यात्रियों से की सावधानी बरतने की अपील

घटना के बाद RPF निरीक्षक सह पोस्ट कमांडर अरविंद कुमार सिंह ने यात्रियों से सावधानी बरतने की अपील की है. उन्होंने कहा कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश बिल्कुल नहीं करनी चाहिए.

उनका कहना है कि थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है. यात्रियों को हमेशा ट्रेन के पूरी तरह रुकने के बाद ही चढ़ना या उतरना चाहिए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement