7 साल की बच्ची चला रही थी गाड़ी, UTV हादसे में 2 बच्चों की मौत

पांच बच्चों को लेकर जा रहा साइड-बाय-साइड वाहन अनियंत्रित होकर कई बार पलट गया. हादसे में 8 साल के लड़के और वाहन चला रही 7 साल की बच्ची की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बच्चे घायल हुए हैं.

Advertisement
UTV (Utility Terrain Vehicle) एक ऑफ-रोड वाहन है. (Photo-Pexels) UTV (Utility Terrain Vehicle) एक ऑफ-रोड वाहन है. (Photo-Pexels)

हुमरा असद

  • टोरंटो,
  • 11 जून 2026,
  • अपडेटेड 10:02 AM IST

कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए. चौंकाने वाली बात ये है कि गाड़ी चालक एक सात साल की बच्ची थी. पुलिस के अनुसार, एक यूटिलिटी टेरेन व्हीकल (UTV) के पलटने से यह हादसा हुआ.

रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) ने बताया कि वाहन में कुल पांच छोटे बच्चे सवार थे. वाहन चला रही 7 वर्षीय बच्ची अचानक नियंत्रण खो बैठी, जिसके बाद UTV कई बार पलटता हुआ सड़क से दूर जा गिरा.

Advertisement

हादसे में एक 8 वर्षीय लड़के को घटनास्थल पर ही मृत घोषित कर दिया गया. वहीं गंभीर रूप से घायल 7 वर्षीय चालक बच्ची को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी भी मौत हो गई. वाहन में मौजूद अन्य तीन बच्चों को मामूली चोटें आई हैं और उनका इलाज किया गया.

कानून क्या कहता है?

पुलिस के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त वाहन एक साइड-बाय-साइड UTV था, जिसे ब्रिटिश कोलंबिया के कानून के तहत ऑफ-रोड वाहन की श्रेणी में रखा गया है. प्रांतीय नियमों के अनुसार 16 साल से कम उम्र के बच्चों को यात्रियों के साथ ऐसा वाहन चलाने की अनुमति नहीं है. साथ ही चालक को निर्माता द्वारा निर्धारित ऊंचाई और वजन संबंधी शर्तें पूरी करनी होती हैं तथा वयस्क की निगरानी भी अनिवार्य होती है.

क्या होता है UTV?

Advertisement

UTV (Utility Terrain Vehicle) एक विशेष प्रकार का ऑफ-रोड वाहन होता है, जिसे ऊबड़-खाबड़ रास्तों, खेतों, जंगलों और ग्रामीण इलाकों में चलाने के लिए बनाया जाता है. इसे आमतौर पर "साइड-बाय-साइड" भी कहा जाता है क्योंकि इसमें चालक और यात्री एक-दूसरे के बगल में बैठते हैं. UTV में आमतौर पर स्टीयरिंग व्हील, सीट बेल्ट और रोल-केज जैसी सुरक्षा सुविधाएं होती हैं, लेकिन तेज रफ्तार या लापरवाही की स्थिति में इसके पलटने का खतरा बना रहता है. कनाडा समेत कई देशों में इसे सार्वजनिक सड़कों के बजाय निर्धारित ऑफ-रोड क्षेत्रों में चलाने की अनुमति होती है.

जांच जारी

डॉसन क्रीक RCMP मामले की जांच कर रही है. पुलिस अधिकारियों ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि यह घटना बेहद दुखद है और इससे प्रभावित परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं. अधिकारियों ने कहा कि हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »