जंग लगातार जारी है. गोला-बारूद दागे जा रहे हैं. यहां तक की मिसाइलें और तरह-तरह के मॉर्डर्न वेपन. ये हथियार जहां एक तरफ हार या जीत तय करेंगे वहीं दूसरी तरफ ये छोड़ जाएंगे डर, दहशत और जंग में मिले घावों के कभी न सूखने-मिटने वाले निशान. दुनिया कितनी खूबसूरत है, ये बात कहीं पीछे रह जाएगी और खंडहरों और चीखों का सच सामने रह जाएगा. ऐसा ही हाल साउथ लेबनान के इस गांव का है. जहां एक खूबसूरत घर इस वक्त दहशत और मौत का घर बन चुका है, क्योंकि इस घर के भीतर सिर्फ कोई परिवार ही नहीं, बल्कि एक अनचाही मिसाइल ने भी अपना कब्जा जमा लिया है.
घर के कंपाउंड में पड़ी है मिसाइल
मिसाइल घर के कंपाउंड में पड़ी है और सिर्फ अपनी मौजूदगी भर से न सिर्फ आस-पड़ोस बल्कि पूरे गांव में दहशत का जरिया बन चुकी है. ये मिसा़इल बम यहां गिरा लेकिन फटा नहीं. इजरायल का ये बहुत बड़ा अनफटा बम एक शक्तिशाली मिसाइल है, जिसके भीतर कई टन विस्फोटक मौजूद हैं. जब इसे लड़ाकू विमान से दागा गया था, तब यह यहां आकर गिरा, लेकिन विस्फोट नहीं हुआ. .यह घटना दो दिन पहले की है. तभी से बम पिछले दो दिनों से इसी घर के कंपाउंड में पड़ा हुआ है.
आसपास के इलाकों में ये घर और इसका कंपाउंड अब चर्चा का विषय है. लोगों ने आने-जाने के रास्ते बदल लिए हैं. और यहां से 100 मीटर दूर से भी गुजरना नहीं चाहते. उन्हें हर समय खतरे का अहसास हो रहा है. बम को अभी तक हटाया भी नहीं गया है. लोगों का ऐसा भी मानना है कि संभव है इज़रायल को भी इसके बारे में जानकारी हो और वे इसे कभी भी दूर से विस्फोट कर सकते हैं.
यही वजह है कि लोग इस इलाके, खासकर अल-नसेरा शहर के इस हिस्से के पास आने से भी बच रहे हैं.
इलाके से दूरी बना रहे लोग
आजतक इस घर के कंपाउंड तक पहुंचा और यहां लोगों से बातचीत की. लोगों ने बताया कि मिसाइल के न फटने से उनमें और भी अधिक दहशत है. वे इस घर के आसपास अपने घरों में भी जाने से डर रहे हैं. किसी भी समय इसके फटने का खतरा बना हुआ है. सुरक्षा एजेंसियां और बम निरोधक दस्ते इस स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. सोमवार शाम इजराइली हमले के दौरान यह मिसाइल अंसार गांव के एक घर पर गिरी थी. हालांकि यह फटी नहीं, लेकिन घर के कंपाउंड में ही फंसी रह गई. इसके बाद से आसपास रहने वाले लोग लगातार डर के साये में जी रहे हैं.
स्थानीय निवासियों का कहना है कि जब तक इस मिसाइल को सुरक्षित तरीके से हटाया नहीं जाता, तब तक पूरे इलाके की सुरक्षा खतरे में बनी रहेगी. फिलहाल प्रशासन और विशेषज्ञ टीमों के आने का इंतजार किया जा रहा है ताकि इस अनफटे बम को निष्क्रिय किया जा सके. यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि युद्ध क्षेत्रों में आम नागरिक किस तरह हर पल जान के खतरे के बीच जीवन जीने को मजबूर होते हैं.
अशरफ वानी