'ईरान ने अपना परमाणु हथियार टेस्ट किया, इसकी क्षमता अपार...', जानें- रूस ने ऐसा क्यों कहा

रूस के नेता दिमित्री मेदवेदेव ने कहा कि अमेरिका-ईरान के बीच सीजफायर का भविष्य साफ नहीं है, लेकिन ईरान की असली ताकत स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज है. उनके मुताबिक, यह मार्ग ही ईरान का सबसे बड़ा रणनीतिक हथियार है, जिससे वह वैश्विक तेल सप्लाई और अर्थव्यवस्था को प्रभावित कर सकता है.

Advertisement
रूस और चीन ने संयुक्त राष्ट्र में स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज को लेकर प्रस्ताव का विरोध किया था (File Photo- Reuters) रूस और चीन ने संयुक्त राष्ट्र में स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज को लेकर प्रस्ताव का विरोध किया था (File Photo- Reuters)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 08 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 7:12 PM IST

अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव और हाफ सीजफायर के बीच रूस की ओर से बड़ा बयान सामने आया है. पूर्व रूसी राष्ट्रपति और रूस की सुरक्षा परिषद के उपाध्यक्ष दिमित्री मेदवेदेव ने कहा है कि अमेरिका और ईरान के बीच हुआ सीजफायर आगे कैसे चलेगा, यह अभी साफ नहीं है, लेकिन एक बात तय है कि ईरान ने अपनी ताकत दिखा दी है.

Advertisement

मेदवेदेव ने तीखा बयान देते हुए कहा कि ईरान का असली परमाणु हथियार कोई पारंपरिक हथियार नहीं, बल्कि स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज है. उनके मुताबिक, इस समुद्री मार्ग की क्षमता अपार है और यही ईरान का सबसे बड़ा रणनीतिक हथियार बन चुका है. उनके मुताबिक इसका टेस्ट करके ईरान ने अपनी ताकत को सबको दिखा दिया है. 

मेदवेदेव का यह बयान ऐसे समय में आया है जब रूस और चीन ने संयुक्त राष्ट्र में स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज को लेकर प्रस्ताव का विरोध किया है और पश्चिमी देशों की रणनीति पर सवाल उठाए हैं.

दरअसल, स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज दुनिया के सबसे अहम समुद्री मार्गों में से एक है, जहां से करीब 20% वैश्विक तेल और गैस की सप्लाई गुजरती है. ऐसे में इस क्षेत्र पर नियंत्रण या व्यवधान का सीधा असर पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था पर पड़ता है.

Advertisement

हाल के महीनों में ईरान और अमेरिका के बीच जंग के दौरान इस समुद्री मार्ग को लेकर हालात काफी बिगड़ गए थे. हमलों और तनाव के चलते यहां से जहाजों की आवाजाही लगभग ठप हो गई थी, जिससे वैश्विक तेल बाजार में भारी उथल-पुथल देखने को मिली. ईरान ने यहां अपनी नाकेबंदी लगा दी है और दुश्मन देशों के कई जहाजों को तबाह कर दिया.

इसी बीच, अमेरिका और ईरान के बीच एक अस्थायी सीजफायर जरूर हुआ है, जिसके तहत सीमित स्तर पर जहाजों की आवाजाही फिर शुरू करने की कोशिश की जा रही है. लेकिन इसे बेहद नाजुक माना जा रहा है और किसी भी समय हालात फिर बिगड़ सकते हैं.

कुल मिलाकर, रूस का यह संदेश साफ है कि मौजूदा हालात में ईरान की ताकत सिर्फ सैन्य नहीं, बल्कि उसकी भौगोलिक स्थिति और स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज पर पकड़ है. यही कारण है कि यह इलाका अब वैश्विक राजनीति और अर्थव्यवस्था का सबसे बड़ा गेम चेंजर बन गया है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement