पाकिस्तान के चर्चित नेता और पाकिस्तानी अवामी तहरीक (पीएटी) पार्टी के संस्थापक मौलवी ताहिर-उल-कादरी ने राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा की है. उन्होंने संन्यास की कुछ ख़ास वजह नहीं बताई. हालांकि उन्होंने कहा कि वे अकादमिक कार्यों पर ध्यान देना चाहते हैं.
कादरी ने सोशल मीडिया पर अपने एक वीडियो संदेश में कहा कि मैं पीएटी के अध्यक्ष पद और राजनीति से सेवानिवृत्ति ले रहा हूं.' कादरी ने पाकिस्तान अवामी तहरीक पार्टी के अध्यक्ष पद से भी इस्तीफा दे दिया है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक कादरी ने कहा कि मैं अपने बेटों को पार्टी का नेतृत्व नहीं सौंप रहा हूं, लेकिन पार्टी की परिषद को सत्ता सौंप रहा हूं. कादरी ने कहा कि हमारे 14 कार्यकर्ताओं की हत्या के लिए कानूनी लड़ाई मेरी आखिरी सांस तक जारी रहेगी. यह राजनीति का मामला नहीं है बल्कि यह विश्वास का विषय है.
बता दें कि पाकिस्तान अवामी तहरीक (पीएटी) के प्रमुख ताहिरुल कादरी के घर और दफ्तरों पर 2014 में पुलिस ने छापा मारा था तो इस दौरान दो महिलाओं सहित चौदह लोगों की मौत हो गई थी.
कादरी ने 2014 में पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के प्रमुख इमरान खान के साथ तत्कालीन प्रधान मंत्री और पाकिस्तान मुस्लिम लीग (एन) प्रमुख नवाज शरीफ के खिलाफ इस्लामाबाद में सरकार विरोधी प्रदर्शन किया था.
पार्टी सूत्रों के अनुसार कादरी ने स्पष्ट रूप से राजनीति इसलिए छोड़ दी क्योंकि देश में मौजूदा पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी की सरकार होने की वजह से अपने लिए राजनीति का भविष्य नहीं दिख रहा है.
aajtak.in