पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की बिगड़ती सेहत और जेल में खराब परिस्थितियों के खिलाफ विपक्षी गठबंधन तहरीक-ए-तहफ्फुज-ए-आइन पाकिस्तान (TTAP) ने मंगलवार को लगातार पांचवें दिन इस्लामाबाद में धरना प्रदर्शन जारी रखा. पीटीआई समर्थकों ने पंजाब और खैबर पख्तूनख्वा को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण अटॉक ब्रिज को सड़क ब्लॉक कर बंद कर दिया है. इमरान खान की बहन नूरीन नियाजी ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि जेल में अकल्पनीय दुर्व्यवहार की वजह से उनकी दाहिनी आंख की 85 फीसदी रोशनी चली गई है.
विपक्षी गठबंधन के नेता महमूद खान अचकजई के नेतृत्व में प्रदर्शनकारी इमरान खान को तत्काल विशेषज्ञ देखभाल के लिए प्राइवेट हॉस्पिटल में ट्रांसफर करने की मांग कर रहे हैं. यह विरोध प्रदर्शन शुक्रवार को संसद भवन और खैबर पख्तूनख्वा हाउस के पास शुरू हुआ था.
सरकार ने मेडिकल सेवाओं की कमी के आरोपों को खारिज कर दिया है, लेकिन पीटीआई ने डॉक्टर से मिलने की अनुमति मिलने तक प्रदर्शन जारी रखने की कसम खाई है.
इमरान खान की आंख की रोशनी पर गंभीर दावा
इमरान खान की बहन नूरीन नियाजी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि उनके भाई जेल में अकल्पनीय दुर्व्यवहार झेल रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि जेल प्रशासन की अनदेखी के कारण खान की दाहिनी आंख को अपूरणीय क्षति हुई है. खान ने खुद एक मुलाकात के दौरान वकील को बताया कि चिकित्सा सुविधाओं के अभाव में उन्होंने अपनी दाईं आंख की रोशनी खो दी है. परिवार का कहना है कि एक वैश्विक सेलिब्रिटी और पूर्व पीएम के साथ ऐसा व्यवहार मानवाधिकारों का उल्लंघन है.
अटॉक ब्रिज जाम, यातायात व्यवस्था ठप
पीटीआई समर्थकों ने अपने नेता की रिहाई और बेहतर इलाज की मांग को लेकर उग्र रुख अख्तियार किया है. समर्थकों ने पंजाब और खैबर पख्तूनख्वा प्रांतों के बीच की मुख्य धमनी माने जाने वाले अटॉक ब्रिज को पूरी तरह ब्लॉक कर दिया है. इस नाकेबंदी की वजह से सड़क मार्ग से संपर्क कट गया है और सैकड़ों वाहन घंटों से फंसे हुए हैं. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक इमरान खान को अस्पताल शिफ्ट नहीं किया जाता, वे सड़क से नहीं हटेंगे.
यह भी पढ़ें: इमरान खान के लिए 14 दिग्गज एकजुट... गावस्कर-कपिल भी साथ, पाकिस्तान सरकार से ‘तुरंत मेडिकल केयर’ की मांग
मोहम्मद अजहरुद्दीन ने की खास अपील...
इमरान खान की सेहत की खबर पर पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन ने भी दुख जताया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि क्रिकेट ने हमें कई साझा पल दिए हैं और एक खिलाड़ी के रूप में मैं इमरान भाई के लिए बहुत दुखी हैं. अजहरुद्दीन ने पाकिस्तानी अधिकारियों से अपील की है कि इमरान खान के साथ अच्छा सुलूक किया जाए. उन्होंने इमरान के अच्छे स्वास्थ्य और उनके परिवार की मजबूती के लिए दुआएं भी की है.
यह भी पढ़ें: इमरान खान की सेहत पर सियासत तेज... जेल से अस्पताल में होंगे शिफ्ट, PTI ने सरकार को चेताया
महमूद खान अचकजई के नेतृत्व वाला विपक्षी गठबंधन संविधान की रक्षा और इमरान खान के अधिकारों के लिए डटा हुआ है. अगस्त 2023 से कई मामलों में जेल में बंद खान के लिए यह आंदोलन अब बड़े राजनीतिक संकट का रूप ले रहा है. गठबंधन ने चेतावनी दी है कि अगर प्राइवेट अस्पताल के डॉक्टरों को इमरान खान की जांच करने की अनुमति नहीं दी गई, तो वे इस्लामाबाद में अपने धरने को और बड़ा बनाएंगे.
aajtak.in