नेपाल चुनाव: बालेन शाह की शानदार जीत, पूर्व PM केपी ओली को 50 हजार वोटों से हराया

नेपाल के झापा जिले के निर्वाचन क्षेत्र–5 से राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के नेता बालेन शाह ने पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को करीब 50 हजार वोटों से हराकर बड़ी जीत दर्ज की है. जीत के बाद पार्टी ने अपने सभी विजयी उम्मीदवारों को विजय जुलूस या किसी भी प्रकार का उत्सव न मनाने का निर्देश दिया है और तुरंत जनसेवा व जिम्मेदारियों पर ध्यान देने को कहा है.

Advertisement
बालेन शाह ने पूर्व पीएम ओली को दी शिकस्त (Photo: ITG) बालेन शाह ने पूर्व पीएम ओली को दी शिकस्त (Photo: ITG)

पंकज दास

  • काठमांडू,
  • 07 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 7:51 PM IST

नेपाल के आम चुनाव परिणामों में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार बालेन शाह ने बड़ी जीत हासिल कर ली है. झापा जिले के निर्वाचन क्षेत्र–5 से बालेन शाह को विजयी घोषित किया गया है. खासबात ये है कि इस सीट से उन्होंने नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री और प्रमुख नेता केपी शर्मा ओली को करीब 50 हजार मतों के अंतर से हराया है.

Advertisement

बालेन शाह ने दर्ज की बड़ी जीत, ओली को भारी अंतर से हराया

अंतिम मत परिणाम के अनुसार बालेन शाह को कुल 68,348 वोट मिले, जबकि केपी शर्मा ओली को इस निर्वाचन क्षेत्र में लगभग 18 हजार वोट प्राप्त हुए. इस प्रकार दोनों उम्मीदवारों के बीच लगभग 50 हजार मतों का बड़ा अंतर रहा और बालेन शाह ने शानदार जीत दर्ज की है.

चुनाव परिणाम सामने आने के बाद राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी ने अपने विजयी उम्मीदवारों को एक महत्वपूर्ण निर्देश जारी किया है. पार्टी ने अपने सभी निर्वाचित उम्मीदवारों को विजय जुलूस या किसी भी प्रकार के उत्सव कार्यक्रम आयोजित न करने का आदेश दिया है.

विजयी उम्मीदवारों को विजय जुलूस निकालने से रोका

राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के उपाध्यक्ष और संघीय चुनाव प्रबंधन समिति के समन्वयक डीपी अर्याल ने कहा कि हालिया चुनाव में जीत हासिल करने वाले उम्मीदवारों को तुरंत उत्सव मनाने के बजाय अपने कार्यों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए. उन्होंने कहा कि मतदाताओं ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे गंभीरता से लेना आवश्यक है और यह समय जश्न मनाने का नहीं है.

Advertisement

डीपी अर्याल ने यह भी कहा कि इस बार का चुनाव विशेष परिस्थितियों में आयोजित हुआ था और इसमें जेन जी (Gen Z) उम्र समूह के कई युवा-युवतियों ने अपनी प्राणों की आहुति दी है. उन्होंने कहा कि इस पीड़ा को अभी तक भुलाया नहीं जा सका है, इसलिए यह समय उत्सव मनाने के बजाय जिम्मेदारी निभाने का है.

पार्टी का संदेश- जश्न नहीं, अब जनता की जिम्मेदारी निभाने का समय

उन्होंने आगे कहा कि जनता ने भ्रष्टाचार समाप्त करने और सुशासन स्थापित करने के उद्देश्य से जनादेश दिया है. इसलिए विजयी उम्मीदवारों की प्राथमिकता मतदाताओं की अपेक्षाओं को पूरा करना और बेहतर शासन देना होना चाहिए. अर्याल ने यह भी निर्देश दिया कि पार्टी के विजयी उम्मीदवार फूलों की मालाएं पहनने, मोटरगाड़ी या मोटरसाइकिल जुलूस निकालने जैसे दिखावटी कार्यक्रमों से बचें. उन्होंने कहा कि केवल मतगणना स्थल पर समर्थकों का संक्षिप्त अभिवादन करने की अनुमति दी गई है.

डीपी अर्याल ने पार्टी अध्यक्ष रवि लामिछाने और वरिष्ठ नेता बालेन शाह की ओर से यह संदेश भी दिया कि सभी निर्वाचित उम्मीदवार अपने समर्थकों को धन्यवाद दें, लेकिन किसी भी प्रकार का विजय जुलूस, प्रदर्शन या रैली आयोजित न करें.

उन्होंने दोहराया कि इस चुनाव के दौरान कई युवा और बच्चे प्रभावित हुए हैं और उनकी कुर्बानी को याद रखते हुए नेताओं को जिम्मेदारी के साथ काम शुरू करना चाहिए.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement