प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इटली यात्रा के दौरान PM जॉर्जिया मेलोनी ने हिंदी में बोलकर सबको चौंका दिया. पीएम मोदी के साथ साझा बयान जारी कर रहीं मेलोनी ने इटली-भारत संबंधों की भावना को व्यक्त करने के लिए हिंदी के एक वाक्य का इस्तेमाल किया. उन्होंने पीएम मोदी की ओर देखते हुए कहा, "परिश्रम ही सफलता की कुंजी है."
इसके बाद पीएम मेलोनी ने अंग्रेजी में कहा- उम्मीद करती हूं मैंने इसे ठीक से बोल लिया. मेलोनी को हिंदी में बोलने के लिए अच्छी खासी मशक्कत करनी पड़ी.
पीएम मेलोनी बुधवार को रोम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ संयुक्त बयान जारी कर रही थीं. इस दौरान वे भारत-इटली रिश्ते की चर्चा कर रही थीं.
मेलोनी ने इतालवी भाषा में कहा, "एक भारतीय शब्द है जो इसे बहुत अच्छे से बताता है, वह है 'परिश्रम'. उन्होंने अपने अंदाज में परिश्रम शब्द का हिंदी में उच्चारण किया. इसके आगे उन्होंने 'परिश्रम', जिसका मतलब है कड़ी मेहनत, लगातार कमिटमेंट. एक शब्द जो मुझे पता है कि भारत में बहुत बार इस्तेमाल होता है, और इसे बहुत पॉपुलर तरीके से इस्तेमाल किया जाता है, 'परिश्रम ही सफलता की कुंजी है.'
उन्होंने खुद इस बात का अनुवाद किया, "जिसका मतलब है, कड़ी मेहनत ही सफलता की कुंजी है. और हम इसका इस्तेमाल इस तरह से अपने रिश्ते बनाने के लिए करते हैं, कड़ी मेहनत के साथ, जो आखिर में सफलता बन जाती है."
बता दें कि PM मोदी मंगलवार रात इटली की राजधानी रोम पहुंचे. यह उनके पांच देशों के दौरे का आखिरी पड़ाव था. इटली की पीएम मेलोनी के साथ बातचीत से पहले रोम में उन्हें औपचारिक सैन्य सम्मान दिया गया.
प्रधानमंत्री मेलोनी ने बुधवार को कहा कि रोम के विला डोरिया पैम्फिली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बातचीत के बाद कहा कि इटली और भारत अपने द्विपक्षीय संबंधों के स्तर को "विशेष रणनीतिक साझेदारी" के स्तर तक बढ़ा रहे हैं.
मेलोनी ने एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "अब इटली और भारत पहले से कहीं ज़्यादा करीब हैं." "मैं हमारे देशों के बीच संबंधों के लिए इस दिन को ऐतिहासिक कहना कोई अतिशयोक्ति नहीं मानूंगी. मेरे मित्र नरेंद्र मोदी 2014 से लगातार भारत का नेतृत्व कर रहे हैं, लेकिन इटली की यह उनकी पहली यात्रा है. किसी भारतीय प्रधानमंत्री की इटली की पिछली द्विपक्षीय यात्रा 2000 में हुई थी.
मेलोनी ने कहा कि यह यात्रा उस सफर का नतीजा है जिसे हमने अपने संबंधों को फिर से जोड़ने के लिए पिछले कुछ वर्षों में बनाया है, और इसे अब तक के अपने उच्चतम स्तर पर पहुंचाया है.
वहीं पीएम मोदी ने एक्स पर कहा कि प्रधानमंत्री मेलोनी के साथ बातचीत बहुत अच्छी रही. भारत-इटली की दोस्ती को आगे बढ़ाने के प्रति उनका समर्पण सराहनीय है. हमारे देशों के बीच व्यापार, अंतरिक्ष, प्रौद्योगिकी और अन्य क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों में काफी प्रगति हुई है. संबंधों को और अधिक गहरा करने के लिए, हमने अपने संबंधों को 'विशेष रणनीतिक साझेदारी' के स्तर तक पहुंचा दिया है.
aajtak.in