कतर ने अपने लोगों पर किए गए हमले को लेकर ईरान को सख्त लहजे में चेतावनी दी है. कतर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने अमेरिकी न्यूज चैनल सीएनएन से बातचीत में कहा कि हमारे नागरिकों पर किए गए इस खुले हमले के लिए ईरान को इसकी कीमत चुकानी होगी. उन्होंने बताया कि कतर के लड़ाकू विमानों और एयर डिफेंस सिस्टम ने ईरान के ड्रोन और अन्य प्रोजेक्टाइल्स को हवा में ही मार गिराया.
कतर ने कहा कि ईरान द्वारा अमेरिका और इजरायल के खिलाफ किए गए जवाबी हमले के दौरान दागी गई 65 बैलिस्टिक मिसाइलों और 12 अनमैन्ड एरियल व्हीकल (UAV) को हवा में ही निष्क्रिय कर दिया गया. इस हमले में आठ लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई गई है. कतर के गृह, रक्षा और विदेश मंत्रालयों के अधिकारियों ने एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में हमलों का विवरण दिया. रक्षा मंत्रालय ने बताया कि हमलों की तीव्रता और कई दिशाओं से हुए प्रहार के बावजूद एयर डिफेंस सिस्टम ने अत्यधिक प्रभावशीलता दिखाई.
यह भी पढ़ें: ईरान में अब तक 555 मौतें... अली लारीजानी बोले- 'ट्रंप ने पूरे इलाके को संकट में डाल दिया'
कतर के रक्षा मंत्रालय ने पुष्टि की कि दो बैलिस्टिक मिसाइलें अमेरिका द्वारा संचालित अल‑उदीद सैन्य अड्डे पर गिरीं, जबकि एक यूएवी ने एक अर्ली-वॉर्निंग रडार इंस्टॉलेशन को निशाना बनाया. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इन हमलों में किसी की मौत नहीं हुई है. इस बीच, कतर के गृह मंत्रालय को गिरते मलबे (Shrapnel) से जुड़ी 114 सूचनाएं मिलीं. अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं. मंत्रालय ने स्थानीय नागरिकों से शांत रहने, आधिकारिक निर्देशों का पालन करने और अपुष्ट सूचनाओं पर भरोसा न करने की अपील की है.
कतर के विदेश मंत्रालय ने ईरान के हमले को राष्ट्रीय संप्रभुता, सुरक्षा और क्षेत्रीय अखंडता का घोर उल्लंघन बताया. मंत्रालय ने कहा कि यह एक अस्वीकार्य उकसावा है, जो पूरे क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता के लिए खतरा पैदा करता है. कतर ने दोहराया कि वह लगातार संवाद की वकालत करता रहा है, लेकिन उसकी धरती को बार-बार निशाना बनाना अच्छा पड़ोसी होने के सिद्धांतों के खिलाफ है और इसके लिए कोई भी बहाना स्वीकार नहीं किया जाएगा.
aajtak.in