होर्मुज को बाय-बाय! नए तेल रूट की खोज में जुटे अरब देश, ये है तैयारी

ईरान जंग के बीच होर्मुज स्ट्रेट पर खतरे ने खाड़ी देशों को नई रणनीति पर मजबूर कर दिया है. महंगे और मुश्किल पाइपलाइन प्रोजेक्ट्स पर फिर चर्चा शुरू हो गई है. सऊदी अरब से लेकर यूएई तक अब ऐसे रास्ते तलाशे जा रहे हैं, जो तेल-गैस निर्यात को ईरान के नियंत्रण से पूरी तरह अलग कर सकें.

Advertisement
सऊदी अरब ने 1980 में ईस्ट-वेस्ट पाइपलाइन बनाई थी. (Photo- Aramco) सऊदी अरब ने 1980 में ईस्ट-वेस्ट पाइपलाइन बनाई थी. (Photo- Aramco)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 02 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 1:54 PM IST

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव ने एक बार फिर दुनिया के सबसे अहम समुद्री रास्तों में से एक स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की अहमियत को सामने ला दिया है. लेकिन इस बार कहानी सिर्फ जंग की नहीं है, बल्कि उस डर की है, जिसने खाड़ी देशों को अपनी दशकों पुरानी रणनीतियों पर दोबारा सोचने के लिए मजबूर कर दिया है. सवाल यह है कि अगर होर्मुज पर ईरान का दबदबा लंबे समय तक बना रहा, तो क्या दुनिया की ऊर्जा सप्लाई इसी तरह जोखिम में रहेगी?

Advertisement

इसी चिंता ने अब खाड़ी देशों को एक बड़े फैसले की ओर धकेल दिया है और वो है होर्मुज को बाइपास करने का प्लान. यानी ऐसा विकल्प, जिसमें तेल और गैस की सप्लाई इस समुद्री रास्ते पर निर्भर न रहे. यह आसान नहीं है, सस्ता भी नहीं है, लेकिन मौजूदा हालात में इसे जरूरी माना जा रहा है.

दरअसल, दुनिया की करीब 20% तेल और गैस सप्लाई इसी रास्ते से गुजरती है. लेकिन ईरान के बढ़ते नियंत्रण और हालिया जंग के बाद यह मार्ग बेहद असुरक्षित हो गया है. ड्रोन हमले, समुद्री माइंस और मिसाइल खतरे ने इसे एक "चोक पॉइंट" बना दिया है. ऐसे में खाड़ी देशों को यह एहसास हो गया है कि अगर इस रास्ते पर निर्भरता कम नहीं की गई, तो हर संकट के समय उनकी अर्थव्यवस्था खतरे में पड़ सकती है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: रिजीम चेंज से ईरानी सेना के खात्मे तक… ट्रंप के दावों का FACT CHECK, कितनी सच्चाई कितनी सियासत?

युद्ध में ऑयल पाइपलाइन बनी गल्फ की लाइफलाइन

यही वजह है कि अब पुराने पाइपलाइन प्रोजेक्ट्स को फिर से जिंदा करने की बात हो रही है. सऊदी अरब की 1200 किलोमीटर लंबी ईस्ट-वेस्ट पाइपलाइन इसका सबसे बड़ा उदाहरण है. 1980 के दशक में ईरान-इराक युद्ध के दौरान बनाई गई यह पाइपलाइन आज भी एक लाइफलाइन बनी हुई है. यह रोजाना करीब 70 लाख बैरल तेल को रेड सी के यनबू पोर्ट तक पहुंचाती है, वह भी बिना होर्मुज से गुजरे.

सऊदी की सरकारी तेल कंपनी सऊदी अरामको के प्रमुख अमीन नासिर ने हाल ही में कहा कि यही पाइपलाइन इस वक्त सबसे अहम रूट बन गई है. अब सऊदी अरब इस पर विचार कर रहा है कि इसकी क्षमता और बढ़ाई जाए या नई पाइपलाइनों का नेटवर्क तैयार किया जाए, ताकि उसके कुल 1.02 करोड़ बैरल रोजाना उत्पादन का बड़ा हिस्सा समुद्री रास्तों के बजाय जमीन के रास्ते भेजा जा सके.

यूनाइटेड अरब अमीरात भी तलाश रहा विकल्प

सिर्फ सऊदी ही नहीं, बल्कि यूएई भी अपने विकल्पों पर काम कर रहा है. अबू धाबी पहले से ही फुजैरा तक पाइपलाइन चला रहा है, जो होर्मुज को बायपास करती है. अब इसे और मजबूत करने और नई लाइन जोड़ने की योजना पर विचार हो रहा है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: 'ऑपरेशन अच्छा चल रहा, 2-3 हफ्ते में ईरान पर बड़ा कदम उठाएंगे', ट्रंप के संबोधन की बड़ी बातें

हालांकि, यह रास्ता जितना जरूरी दिखता है, उतना ही मुश्किल भी है. विशेषज्ञों के मुताबिक, नई पाइपलाइन बनाना बेहद महंगा सौदा है. सिर्फ सऊदी जैसी पाइपलाइन को दोबारा बनाना ही कम से कम 5 अरब डॉलर का खर्च ला सकता है. अगर कई देशों को जोड़ने वाला नेटवर्क बनाया गया, तो यह लागत 15 से 20 अरब डॉलर तक पहुंच सकती है.

इराक, सीरिया जैसे इलाकों में टेरर अटैक का खतरा

सुरक्षा भी बड़ी चुनौती है. इराक, सीरिया जैसे इलाकों से गुजरने वाली पाइपलाइनों को आतंकी खतरों, पुराने बमों और राजनीतिक अस्थिरता का सामना करना पड़ सकता है. वहीं, ओमान की तरफ जाने वाले रास्ते रेगिस्तान और पहाड़ी इलाकों से होकर गुजरते हैं, जिससे निर्माण और मुश्किल हो जाता है.

यह भी पढ़ें: वॉर या नो-वॉर... 20 मिनट के संबोधन में ईरान और होर्मुज पर क्या मैसेज दे गए ट्रंप?

राजनीतिक स्तर पर भी कई सवाल खड़े होते हैं. जैसे कि कौन इस नेटवर्क को कंट्रोल करेगा? तेल का फ्लो किसके हाथ में होगा? क्या खाड़ी देश अपनी अलग-अलग नीतियों को छोड़कर एक साझा सिस्टम पर काम करेंगे? यही वजह है कि अब तक ऐसे कई प्रोजेक्ट्स कागजों से बाहर नहीं निकल पाए थे.

Advertisement

लेकिन इस बार हालात अलग हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि अब चर्चा सिर्फ "आइडिया" तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसे जमीन पर उतारने की सोच बन रही है. कुछ योजनाओं में भारत से लेकर यूरोप तक जाने वाले कॉरिडोर की भी बात हो रही है, जिससे तेल-गैस के साथ-साथ व्यापार के नए रास्ते खुल सकते हैं.

फिलहाल, सबसे व्यवहारिक कदम यही माना जा रहा है कि मौजूदा पाइपलाइनों की क्षमता बढ़ाई जाए. सऊदी अरब रेड सी के तट पर नए एक्सपोर्ट टर्मिनल बनाने पर भी विचार कर सकता है, खासकर NEOM जैसे प्रोजेक्ट्स के तहत लेकिन इसको लेकर फिलहाल किसी तरह का फैसला नहीं लिया गया है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement