जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. फारूक अब्दुल्ला के ऊपर बुधवार देर रात जानलेवा हमला हुआ. ये हमला एक शादी समारोह में हुआ, जिसमें फारूक अब्दुल्ला के साथ-साथ डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी भी मौजूद थे. इसी दौरान हमलावर ने फायरिंग कर दी. इस हमले में फारूक अब्दुल्ला बाल-बाल बच गए. हमलावर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है.
पुलिस ने बताया कि जम्मू के ग्रेटर कैलाश स्थित रॉयल पार्क में एक शादी समारोह के दौरान ये हमला हुआ. पुलिस और NSG के कमांडो उनकी सुरक्षा में तैनात थे, जो तुरंत हरकत में आए और हमले को नाकाम कर दिया. आरोपी को हिरासत में लिया गया है और जिस बंदूक से उसने गोली चलाई थी, उसे जब्त कर लिया गया है.
फायरिंग के दौरान का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हमलावर को कुछ लोग घेरकर मारते-पीटते भी नजर आ रहे हैं.
कौन है हमलावर और उसने क्या कहा?
फारूक अब्दुल्ला पर हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है. हमलावर का नाम कमल सिंह जामवाल है जो जम्मू के पुरानी मंडी इलाके का रहने वाला है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कमल सिंह का जन्म 1963 में हुआ था. जम्मू के ओल्ड सिटी इलाके में उसकी कई दुकानें हैं. वह इन दुकानों से मिलने वाले किराए के जरिए अपना जीवनयापन करता है.
अब तक हुई पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि वह 20 साल से फारूक अब्दुल्ला को मारना चाहता था. उसने कहा कि मैं 20 साल से फारूक अब्दुल्ला को मारना चाहता था. यह मेरा पर्सनल एजेंडा था. जिस बंदूक से गोली चलाई गई, वह आरोपी की ही है.
चश्मदीदों ने क्या बताया?
शादी समारोह में मौजूद राकेश सिंह ने बताया कि नेशनल कॉन्फ्रेंस पार्टी के लीगल सेल के अध्यक्ष की बेटी की शादी थी. हम सब बैठे हुए थे. तभी डॉक्टर साहब (फारूक अब्दुल्ला) ने बोला कि अब जाते हैं. हम लोग सब जा ही रहे थे कि तभी एक आदमी आया और उसने डॉ. साहब के पीछे रिवॉल्वर तान दी. सिक्योरिटी वाले ने हटाया और गोली ऊपर चली गई. उन्होंने दावा किया कि न कोई सिक्योरिटी वाला था और न कोई पुलिस वाला था.
वहीं, जम्मू-कश्मीर के मंत्री सतीश शर्मा ने कहा कि पुलिस इस मामले को देख रही है. फारूक अब्दुल्ला समेत सभी लोग सुरक्षित हैं. हमलावर पुलिस स्टेशन में है.
उन्होंने कहा कि हम इसे सिक्योरिटी में चूक मानते हैं. ऐसे हादसे अक्सर हो रहे हैं. जिस पार्टी ने देश के लिए सबसे बड़ी कुर्बानी दी है, उसके नेताओं को पूरी सिक्योरिटी मिलनी चाहिए.
उमर अब्दुल्ला बोले- अल्लाह रहम दिल है
अपने पिता पर हमले के बाद जम्मू-कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला ने कहा कि अल्लाह रहम दिल है. मेरे पिता बहुत बड़े खतरे से बाल-बाल बचे हैं. उन्होंने कहा कि एक शख्स भरी हुई पिस्तौल के साथ बेहद करीब पहुंच गया था और उसने नजदीक से गोली चला दी.
उन्होंने कहा कि इस समय सवाल-जवाबों से ज्यादा है. सबसे बड़ा सवाल यह है कि जेड प्लस और एनएसजी सुरक्षा में रहने वाले एक पूर्व मुख्यमंत्री के इतने करीब कोई व्यक्ति आखिर कैसे पहुंच गया.
सुनील जी भट्ट