कनाडा सरकार अपने एक्सप्रेस एंट्री सिस्टम में बड़े बदलाव की तैयारी कर रही है. एक्सप्रेस एंट्री सिस्टम वो सिस्टम है, जिसके तहत दुनिया का कोई भी शख्स कनाडा में रहने के लिए परमानेंट रेसिडेंसी (PR) हासिल करता है. नए प्रस्ताव के तहत मौजूदा कार्यक्रमों को बंद कर एक नया और ज्यादा सरल सिस्टम लाने की योजना है. इस बदलाव की रूपरेखा इमिग्रेशन, रिफ्यूजी और सिटिजनशिप कनाडा (IRCC) की 2026-2028 की फॉरवर्ड रेगुलेटरी प्लान में सामने आई है, जिसमें अगले दो सालों के लिए प्रस्तावित नियमों का जिक्र किया गया है.
योजना के अनुसार, वर्तमान में चल रहे तीन प्रमुख कार्यक्रम-फेडरल स्किल्ड वर्कर क्लास (FSWC), कनाडियन एक्सपीरियंस क्लास (CEC) और फेडरल स्किल्ड ट्रेड क्लास (FSTC) को समाप्त किया जा सकता है. इनके स्थान पर एक नई श्रेणी लाई जाएगी, जिसमें पात्रता की शर्तें सरल होंगी. हालांकि इस नए प्रोग्राम के बारे में अभी ज्यादा जानकारी साझा नहीं की गई है.
IRCC का कहना है कि प्रस्तावित बदलाव का उद्देश्य अलग-अलग क्षेत्रों की जरूरतों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय प्रतिभाओं को आकर्षित करना है, जिससे कनाडा की अर्थव्यवस्था और व्यवसायों को फायदा होगा. साथ ही आसान नियमों से आवेदकों, नियोक्ताओं और अन्य भागीदारों के लिए इस प्रक्रिया को समझना और उपयोग करना भी आसान हो जाएगा.
फिलहाल ये बदलाव केवल प्रस्ताव के स्तर पर हैं. विभाग ने बताया है कि 2026 के वसंत में इस पर आम जनता, विशेषज्ञों और संबंधित पक्षों से राय ली जाएगी. इसके बाद ही इन बदलावों को अंतिम रूप दिया जाएगा.
क्या है एक्सप्रेस एंट्री?
अगर यह सुधार लागू होता है तो 2015 में एक्सप्रेस एंट्री सिस्टम शुरू होने के बाद यह सबसे बड़ा बदलाव माना जाएगा. बता दें कि एक्सप्रेस एंट्री कनाडा में स्थायी निवास पाने के लिए मुख्य आवेदन प्रणाली है. साल 2025 में इसके जरिए 1 लाख 17 हजार 998 लोगों को स्थायी निवास के लिए आवेदन करने का निमंत्रण दिया गया था.
मौजूदा व्यवस्था
तीनों मौजूदा कार्यक्रमों की बात करें तो कनाडियन एक्सपीरियंस क्लास उन लोगों के लिए है, जिन्होंने हाल के सालों में कनाडा में काम किया है और आमतौर पर कम से कम एक साल का अनुभव रखते हैं. वहीं, फेडरल स्किल्ड वर्कर प्रोग्राम उन कुशल लोगों के लिए है, जिनके पास पिछले दस सालों में कम से कम एक साल का कार्य अनुभव हो, चाहे वह कनाडा में हो या विदेश में और फेडरल स्किल्ड ट्रेड प्रोग्राम कुशल कारीगरों के लिए है, जिनके पास ट्रेड से जुड़ा कम से कम दो साल का अनुभव और कनाडा में नौकरी का ऑफर या प्रमाणपत्र होता है.
हुमरा असद