ब्रिटेन में सेंट्रल लंदन की एक अदालत एक टीनएजर लड़के को लेकर सुनवाई कर रही है. ये लड़का खुद को ‘यहूदियों और मुस्लिमों’ से नफरत करने वाला बताता है. एसेक्स का रहने वाला 18 साल का मैथ्यू क्रोनजेगर अपनी नस्लवादी विचारधारा के साथ ‘क्रांति’ लाने की बातें करता रहा है.
आरोप है कि क्रोनजेगर ने स्टोरेज बंकर का प्लान बनाने के साथ 3-D टेक्नोल़ॉजी की मदद से दो आग्नेयास्त्र (फायरआर्म्स)- FGC-9 और चीता, बनाने के लिए निर्देश भी दिए थे. कोर्ट को बताया गया कि क्रोनजेगर ने पिछले साल 31 अक्टूबर और 19 दिसंबर के बीच हथियारों को बनाने के लिए ऱॉ मैटीरियल खऱीदने के लिए फंड भी ट्रांसफर किए थे.
प्रॉसीक्यूशन की ओर से एलिस्टेयर रिचर्डसन ने कहा, “वो हिंसा के दम पर सरकार को बदलना चाहता था. वो अपनी नस्लवादी विचारधारा से अपनी क्रांति लाना चाहता था. इसीलिए वो 3-D प्रिंटर से हथियार बनाना चाहता था.”
डेली मेल की रिपोर्ट के मुताबिक क्रोनजेगर ने कथित तौर पर धुर-दक्षिणपंथी सामग्री एकत्र कर रखी थी. साथ ही उस पर हिंसक मैनुअल्स अपलोड करने का आरोप है जिसमें निर्देश दिए गए कि कैसे किसी शख्स को हमले में गंभीर तौर पर घायल करना है या हत्या करनी है.
एक ऑनलाइन ग्रुप में क्रोनजेगर ने लिखा- “मुझे नहीं पता कि आप किस तरह के नस्लवाद में हो लेकिन मैं वो हर तरह का करूंगा. हिटलर और स्वास्तिक के सपने आपको नींद के लिए गाइड करें.”
एक और ग्रुप में क्रोनजेगर ने लिखा- “मैं अपने देश में प्योर वाइटनेस को पसंद करूंगा लेकिन हमें समझौता करना पड़ा तो मैं अलगाव चाहूंगा.” प्रॉसीक्यूटर रिचर्डसन के मुताबिक ये टीनएजर ऐसे एशियाई लोगों से नफरत करता था जिनके श्वेत लोगों से शारीरिक रिश्ते होते हैं.
प्रॉसीक्यूशन के मुताबिक क्रोनजेगर एक नए मैसेजिंग ग्रुप से जुड़ गया. इसे स्पेन में बुल नाम के यूजर की ओर से होस्ट किया जा रहा है.
प्रॉसीक्यूटर रिचर्डसन ने कोर्ट को बताया कि “ग्रुप पर ये डिस्कशन भी था कि कौन से स्किल्स सबसे उपयोगी रहेंगे इलेक्ट्रीशियन के या वेल्डर के. बुल की ओर से विस्तार से बताया गया कि वेल्डिंग सबसे अहम स्किल्स में से एक है. एक वेल्डर धातु को फिक्स कर सकता है, हथियार बना सकता है.”
रिचर्डसन ने आगे ये भी जोड़ा- ग्रुप में अभियुक्त (क्रोनजेगर) ने अपना नजरिया भी दिया कि उन्हें पार्ट्स को इकट्ठा करना आना चाहिए साथ ही अपने एम्युनिशन को रीलोड करना भी.
कोर्ट को बताया गया कि बुल ने ग्रुप में पूछा कि कौन ग्रुप की यूके डिवीजन का लीडर बनना चाहता है क्योंकि उसे ट्रेनिंग और भर्ती की जिम्मेदारी निभानी होगी. इस पर क्रोनजेगर ने कहा कि उसे लीडर बनने में कोई दिक्कत नहीं. फिर बुल ने क्रोनजेगर के ग्रुप के यूके आउटफिट का लीडर होने की पुष्टि कर दी.
रिचर्डसन के मुताबिक बुल ने ग्रुप में फिर सबसे कहा कि ग्रुप के बारे में किसी से बात न करें और ग्रुप मैसेजेस को लेकर अपने मोबाइल फोन की स्क्रीन ओपन न रखें.
आरोप है कि क्रोनजेगर ने ग्रुप में ये भी कहा कि वो अंडरग्राउंड बंकर को पास ही बनाने जा रहा है जिससे कि जुटाए जाने वाले फायरआर्म्स को वहां स्टोर किया जा सके.
कोर्ट को प्रॉसीक्यूशन की ओर से बताया गया कि क्रोनजेगर ने एक अंडरग्राउंड बंकर का स्केच प्लान भी अक्टूबर 2020 में पोस्ट किया. साथ ही दो पोस्ट ऐसी भी डाली कि कैसे क्रांति लाई जाएगी.
रिचर्डसन के मुताबिक एक अंडरकवर पुलिस अफसर ने क्रोनजेगर के साथ हथियार बनाने को लेकर संदेशों का आदान प्रदान किया. क्रोनजेगर ने ऑफिसर से कहा, मैं जल्दी में कुछ शुरू नहीं करना चाहता. मैं दो साल में कम से कम एक आक्रामक एक्शन करना चाहता हूं.
क्रोनजेगर ने आतंकवादी कृत्यो और आतंकवादी एजेंडा को बढ़ाने की तैयारी करने के आरोपों से इनकार किया. क्रोनजेगर ने दूसरों आतंकी गतिविधियों के लिए तैयार करने के मकसद से सूचना जुटाने के चार आरोपों को भी मानने से इनकार कर दिया.
क्रोनजेगर को लेकर कोर्ट में आगे भी सुनवाई जारी रहेगी.
aajtak.in