उत्तरी अमेरिका के कुछ हिस्सों में शनिवार को भारी बारिश ने गंभीर बाढ़ का संकट पैदा कर दिया है. इससे सड़कें जलमग्न हो गईं और कुछ क्षेत्रों में स्थानीय प्रशासन को लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने के लिए मजबूर होना पड़ा. इस इमरजेंसी स्थिति के बीच, पूर्वोत्तर और मिड-अटलांटिक क्षेत्रों में बर्फ और ओलावृष्टि की वजह से मौसम खराब हो गया है.
रविवार की सुबह तक, 110 मिलियन से ज्यादा अमेरिकी नागरिकों के लिए बाढ़, तेज हवाओं और सर्दियों के मौसम की चेतावनी जारी की गई. केंटकी, टेनेसी, वेस्ट वर्जीनिया और नॉर्थ कैरोलिना के कुछ हिस्सों में फ्लैश फ्लड चेतावनियां जारी की गईं. अलबामा, केंटकी, मिसिसिपी और वर्जीनिया में 300,000 से ज्यादा लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं और बिजली कटौती का सामना कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें: हाथों में हथकड़ी, पैरों में थी जंजीर... अमेरिका से दूसरी फ्लाइट में अमृतसर डिपोर्ट हुए अवैध प्रवासी ने सुनाई आपबीती
कई शहरों में लाखों लोगों की बिजली गुल
पॉवरआउटेज.यूएस के मुताबिक, रविवार सुबह तक जॉर्जिया में कम से कम 260,000, अलबामा में 175,000, मिसिसिपी में लगभग 63,000 और लुइसियाना में 20,000 से ज़्यादा लोग बिना बिजली के थे. केंटकी, वर्जीनिया और वेस्ट वर्जीनिया में भी 40,000 से ज्यादा लोगों की बिजली गुल रही.
डोनाल्ड ट्रंप से एक इरजेंसी आपदा घोषित करने की मांग
केंटकी के गवर्नर एंडी बेशियर ने भारी बारिश के पूर्व अनुमान के मद्देनजर इमरजेंसी का ऐलान किया है. बेशियर ने कहा कि पूरे राज्य को "आधी रात से सुबह 4 बजे तक अहम खतरे" का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से एक इरजेंसी आपदा की घोषणा के लिए अनुरोध किया, जिससे राज्य को संघीय सहायता मिल सके.
यह भी पढ़ें: अमेरिका में सिर्फ शराब भर नहीं है Bourbon Whiskey, भारत के 50 फीसदी टैक्स घटाने के पीछे ये है कहानी
4 से 7 इंच तक की वर्षा दर्ज की गई
केंटकी और टेनेसी की सीमा के साथ सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई, जिसमें 4 से 7 इंच तक की वर्षा हुई. टेनेसी में, मैकॉन काउंटी के एक नर्सिंग होम के 50 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया. रविवार को सुबह 8 बजे तक वेस्ट वर्जीनिया और दक्षिण-पश्चिमी वर्जीनिया के कई काउंटियों के लिए नेशनल वेदर सर्विस ने फ्लैश फ्लड इमरजेंसी का ऐलान किया था. टाजवेल काउंटी में स्थित रिचलैंड्स में कई क्षेत्रों के लोगों को स्थानीय पुलिस विभाग ने घर खाली करने का निर्देश दिया है.
aajtak.in